नशे की मंडी कही जाने वाली सिटी रेलवे स्टेशन जालंधर से लगती काजी मंडी में शुक्रवार तड़के 400 पुलिस जवानों ने पूरे एरिया को घेरकर संदिग्ध लोगों के घरों और आटा-दाल के डिब्बों तक में नशीले पदार्थों की तलाश की। तीन घंटे चली कार्रवाई में पुलिस को कुछ भी नहीं मिला तो काजी मंडी और सूर्या एनक्लेव के पांच संदिग्धों को राउंडअप कर लिया।
कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई और डीसीपी, एडीसीपी रैंक के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस इंस्पेक्टरों के नेतृत्व में दबिश के लिए टीमें बनाई गईं और गुपचुप तरीके से अधिकारियों को उनके इलाके बांटे गए। इसके बाद पुलिस ने घरों में तलाशी अभियान चलाया। 400 जवानों में 300 पुरुष और 100 महिला कर्मचारी शामिल थीं। इस दौरान 12 प्वाइंट पर 17 टीमों ने दबिश दी। टीम में अधिकारियों के अलावा थाना प्रभारियों को भी पता नहीं था कि कहां कार्रवाई होनी है, ताकि सूचना लीक न हो।
अधिकारियों ने गाड़ियां लीं और अपने-अपने अड्डे पर उतरते ही काजी मंडी, सूर्या एनक्लेव और सिटी रेलवे स्टेशन को घेरा और तलाशी अभियान शुरू किया ताकि नशा तस्कर भाग न सके। अभियान में करीब 10 जीओ रैंक के अफसर और 400 के करीब मुलाजिम थे। एडीसीपी सिटी-1 सुहेल मीर ने बताया कि तलाशी अभियान नशे की तस्करी पकड़ने के लिए की गई। नशे को लेकर लोगों को समझाना है कि वह इस लत से जल्द से जल्द खुद को अलग कर लें। पुलिस अब किसी भी नशा तस्कर को नहीं छोड़ेगी, सभी पर जल्द नकेल कसी जाएगी।