5 लाख रुपये की रिश्वत मामले में आरोपी जसविंदर कौर ने सीबीआई अदालत में एक और याचिका दायर की। याचिका में आरोपी जसविंदर ने कहा कि वह पुलिस हिरासत में अपने बेटे की शादी में शामिल नहीं होना चाहती। अदालत और जेल सुपरिंटेंडेंट को आवेदन भेजते हुए जसविंदर कौर ने कहा कि कोविड-19 के कारण वह 14 अगस्त को होने वाली शादी में शामिल नहीं होना चाहती। वह दिल की मरीज है, जिसके लिए वह दवा भी ले रही हैं। साथ ही वह मानसिक रूप से भी परेशान है, इसलिए वह 14 दिन के लिए क्वारंटीन होकर अकेली नहीं रह सकती।
इन सभी कारणों को देखते हुए जेल अधीक्षक ने वीरवार को अदालत से कहा कि 14 अगस्त को जसविंदर कौर को शादी में शामिल होने के लिए नहीं भेजा जाएगा। बीते मंगलवार को सीबीआई अदालत ने आरोपी एसएचओ को पुलिस हिरासत में रहकर शादी में शामिल होने की अनुमति दी थी। अदालत ने 7 घंटे के लिए शादी में शामिल होने और जरूरत पड़ने पर हथकड़ी लगाने का निर्देश दिया था। 6 अगस्त को जसविंदर कौर ने शादी में शामिल होने के लिए 13 से 15 अगस्त के लिए अंतरिम जमानत मांगी थी।
बीते 30 जून को सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीबीआई के मुताबिक धोखाधड़ी के एक मामले को सुलझाने के लिए आरोपी जसविंदर कौर ने पांच लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। इसकी पहली किस्त लेते बिचौलिए भगवान सिंह को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद फरार जसविंदर कौर ने 25 जुलाई को अदालत में आत्मसमर्पण किया था। 4 दिन के रिमांड के बाद जसविंदर को जेल भेज दिया गया था।