सीबीआई द्वारा इंस्पेक्टर राजेश शुक्ला के पकड़े जाने पर पुलिस विभाग की काफी किरकिरी हो रही है। ऐसे में विभाग अब खुद ही अपना फ्लाइंग स्कॉयड बनाने की तैयारी कर रहा है। विभाग इसका प्रस्ताव तैयार कर रहा है।
स्कॉयड सीधा आईजी के नेतृत्व में काम करेगा। डीआईजी एएस चीमा के सुझाव पर यह प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। निलंबित राजेश शुक्ला सहित तीन पुलिस कर्मचारियों को सीबीआई द्वारा पकड़े जाने के बाद नवनियुक्त डीआईजी एएस चीमा ने शहर के सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में सभी को और उनके अधीन काम करने वाले कर्मचारियों को भ्रष्टाचार से दूर रहने की हिदायत दी। इसके साथ ही यह निर्णय लिया गया कि एक फ्लाइंग स्कॉयड का गठन जल्द किया जाएगा जो कि रिश्वतखोर पुलिस कर्मचारियों पर नजर रखेगा। विभाग अब फ्लाइंग स्कॉयड प्रभारी के नाम पर भी चर्चा कर रहा है।
डीएसपी सतीश ने पकड़ा था रिश्वत लेते
डीएसपी सतीश ने चार माह पहले खुड्डा लाहौरा नाके के पास एक कांस्टेबल को 500 रुपये रिश्वत लेने के बाद रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद विभाग ने अपनी ओर से कभी भी रिश्वत खोर पुलिस कर्मचारियों को गिरफ्तार करने का प्रयास नहीं किया। इसके बाद 18 जुलाई को पीजीआई चौक से सीबीआई ने ही ट्रैफिक हेड कांस्टेबल दलबीर सिंह को 1500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।