कोरोना वायरस की तीसरी लहर को रोकने के लिए यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने डीजीपी व डीसी को मास्क और सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे लोगों का चालान काटने का आदेश दिया था। शुक्रवार को सुखना लेक पर 100, जबकि विभिन्न मार्केट में पुलिस ने 55 और एसडीएम की विभिन्न टीमों ने 400 से ज्यादा चालान काटे।
आईएएस धर्मपाल ने शुक्रवार को भी डीसी व डीजीपी को निर्देश दिए कि वह इस सख्ती को जारी रखें। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर मनदीप सिंह बराड़ ने शुक्रवार को तीनों सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना नियमों का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती की जानी चाहिए। इसे लेकर उन्होंने तीनों एसडीएम को अपने-अपने एरिया में मास्क न पहनने व सामाजिक दूरी का पालन न करने वाले लोगों के चालान करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने चालान करने के लिए आगे अधिकारियों को तैनात करने के लिए कहा है, ताकि इसे लेकर सख्ती की जा सके। डीसी ने वैक्सीनेशन ड्राइव को भी तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी दुकानदार व स्टाफ का टीकाकरण जल्द होना चाहिए। इसके अलावा दुकानों पर आने वाले ग्राहक मास्क पहने व सोशल डिस्टेंस का पालन करें।
डीसी ने कहा कि मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन अपने एरिया में वैक्सीनेशन के लिए कैंप भी लगा सकती है। इसे लेकर वह अपने एरिया के एसडीएम से संपर्क कर सकते हैं। कैंप के लिए उन्हें कम से कम 100 लोगों की सूची देनी होगी। मीटिंग में एसएसपी कुलदीप सिंह चहल और एडिशनल डिप्टी कमिश्नर केपीएस माही भी मौजूद रहे।