होटल के बाहर तैनात पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जांच के दौरान विदेशी मेहमानों को दिक्कत का सामना करना पड़ा, उन्हें बाहर ही खड़ा रखा गया। जो लोग होटल से बाहर थे उन्हें अंदर तक जाने की इजाजत नहीं दी गई। कुछ मेहमानों ने विरोध भी जताया। बाहर किसी तरह की कोई दहशत न फैले इसलिए पुलिस ने इसे मॉक ड्रिल बताया। इस दौरान पुलिस ने पूरे होटल की जांच की। होटल का चप्पा छान कर पुलिस बाहर निकली। जब काफी समय हो गया और ठंड की वजह से मेहमानों को दिक्कत हुई तो उन्होंने अंदर जाने दिया।
वीआईपी रुकते हैं इस होटल में
शहर के प्रतिष्ठित होटलों में शामिल होटल हयात रीजेंसी में कई वीआईपी रुक चुके हैं। इस होटल में अभिनेता सलमान खान, शाहरुख खान रुक चुके हैं, शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल कई बार मीटिंग कर चुके हैं। खेड़ा वतन पंजाब दीयां के समापन समारोह वाले दिन भी समारोह खत्म होने के बाद सीएम मान भी इसी होटल में रुके थे। इस होटल का कनेक्शन सलमान खान परिवार से भी है। इस होटल की मालकियत सलमान खान के बहनोई पीयूष शर्मा के मामा की है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर सौम्या मिश्रा ने बताया कि एक बजे के करीब किसी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिये धमकी दी थी। पुलिस ने सूचना मिलते ही वहां पहुंच जांच शुरू की। इस दौरान पता चला कि धमकी देने वाले राजधानी दिल्ली से है। दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारियों के साथ मामला साझा किया गया तो आरोपी का पता लग गया। दिल्ली पुलिस ने उसे काबू भी कर लिया है।
जेसीपी ने बताया कि अभी तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक धमकी देने वाले की सेहत ठीक नहीं रहती है। यही कारण है कि उसने कई जगह मेल भेजे हैं और बम की धमकी दी है। कमिश्नरेट पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हो चुकी है और आरोपी को लुधियाना लाया जाएगा और पूछताछ की जाएगी।