चंडीगढ़। बीते 12 अक्तूबर को सेक्टर-25 में अपने दोस्त के पेट में गोली मारने के आरोपी को सेक्टर-24 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-25 निवासी विजय के रूप में हुई है। पुलिस ने विजय को उस वक्त दबोच लिया, जब वह सेक्टर-25 श्मशानघाट के पास दोस्तों से मिलने जा रहा था। वीरवार आरोपी को जिला अदालत में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल करेगी।
पुलिस के अनुसार बीते 12 अक्तूबर की देर रात करीब एक बजे सेक्टर-25 निवासी विजय कुमार के घर पर उसके दोस्त प्रवीण, विक्की और राजकुमार इकट्ठे शराब पी रहे थे। इस दौरान रात को सूरज जब प्रवीण को लेने के लिए आया तो विजय की पुरानी रंजिश के चलते सूरज से बहस हो गई और जब प्रवीण ने बीच-बचाव किया तो विजय ने देसी कट्टे से प्रवीण के पेट में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद अन्य दोस्तों ने प्रवीण को तुरंत जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। मामले में सेक्टर-11 थाना पुलिस ने आरोपी विजय के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 और आर्म्स एक्ट (25/54/59) के तहत केस दर्ज किया। पुलिस जांच में आरोपी का क्रिमिनल रिकार्ड भी सामने आया था। आरोपी पर शहर के अलग-अलग थानों में स्नैचिंग, हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। स्नैचिंग के केसों में आरोपी को सजा भी सुनाई जा चुकी है, जबकि हत्या के प्रयास व झगड़े के तीनों मामलों में वह बरी हो गया था।