पंजाबी यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर के ड्राइवर को गर्ल्स बाथरूम में ताकाझांकी करते हुए पकड़ा गया। यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी अधिकारी की शिकायत पर थाना अर्बन इस्टेट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में जमानत पर उसे रिहा कर दिया गया।
पीयू के सिक्योरिटी अधिकारी अमरजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यूनिवर्सिटी के टीचिंग ब्लाक में कक्षाएं लगा रही लड़कियों की ओर से शिकायत की गई कि आरोपी ध्रुव गांगट (24) निवासी बड़ी बारादरी लड़कियों के वाशरूम की दीवार से लड़कियों को देख रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी यूनिवर्सिटी के ही एक प्रोफेसर का ड्राइवर है। सिक्योरिटी अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे पेशाब जाना था वह जल्दबाजी में लड़कियों के वाशरूम में घुस गया था। जैसे ही उसे गलती का अहसास हुआ वह बाहर निकल आया।