फिरोजपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत-पाक सीमा पर बसे किसानों की हर मांग पूरी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच जनवरी को फिरोजपुर में सेटेलाइट पीजीआई सेंटर की नींव रखने पहुंचे थे। मगर कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनका रास्ता रोका और जहां सेंटर की जमीन थी वहां पहुंचने नहीं दिया। इस सेंटर का नींव पत्थर बैसाखी से पूर्व वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रधानमंत्री रखेंगे।
अमित शाह फिरोजपुर में भाजपा प्रत्याशी राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी का प्रचार करने पहुंचे थे। गृहमंत्री शाह ने कहा कि भाजपा नशा मुक्त पंजाब, खुशहाल किसान, विकसित पंजाब समेत 11 मुद्दे लेकर पंजाब विधानसभा चुनाव में उतरी है। प्रधानमंत्री ने साढ़े तीन करोड़ रुपये से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की पंजाब में जयंती मनाई थी।
यही नहीं मोदी ने कुछ ही माह में करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण किया था। भाजपा ने लोगों के घर-घर में शौचालय बनाने के अलावा लोगों को मकान बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये की ग्रांट दी है। गरीब लोगों को मुफ्त में गैस सिलेंडर दिया। शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब से भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी खत्म की जाएगी। पंजाब को खुशहाल बनाया जाएगा। बॉर्डर के किसानों को हर प्रकार की सुविधा प्रदान की जाएगी।
गौरवमयी इतिहास और विरसे को दोबारा बहाल करने के लिए भाजपा सरकार जरूरी: शेखावत
पंजाब के गौरवमयी, शानदार इतिहास व विरसे को दोबारा बहाल करने के लिए पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनानी जरूरी है। उक्त विचार केंद्रीय मंत्री व पंजाब भाजपा के इंचार्ज गजेंद्र सिंह शेखावत ने हलका गुरदासपुर के गांव बाहियां में हुई विशाल चुनावी सभा में व्यक्त किया।
पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के जिला प्रधान बघेल सिंह बाहियां के प्रंबंधों तले हुई बैठक में भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। रैली को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा कि पंजाब के लोग पूरे देश का पेट भरने वाले लोग हैं लेकिन हैरानी की बात है कि आज के दौर में यहां के लोग अपना खुद पेट भरने के लिए विदेश जाने को मजबूर हैं। पंजाब लोक कांग्रेस के जिला प्रधान बघेल सिंह ने कहा कि जैसे पहले इस जोन से कांग्रेस पार्टी को बड़ी संख्या में लीड दिलाई जाती थी। इस बार भाजपा गंठबधन को भारी जीत दिलाई जाए।