प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पंजाब को 14,345 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों की सौगात दी। पंजाब में नए हाईवे, रेलवे ओवरब्रिज सहित ग्रीन फील्ड हाईवे से जुड़े प्रोजेक्ट इसमें शामिल रहे। लुधियाना के एलिवेटेड हाईवे का पीएम मोदी ने उद्घाटन किया।
सोमवार को पंजाब में 918 करोड़ रुपये की लागत वाले मलोट से अबोहर साधुवाली सेक्शन हाईवे नंबर 62 और 7,367 करोड़ रुपये से बने 22.5 किलोमीटर लंबे मलोट-मंडी डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 का उद्घाटन किया। सतलुज नदी पर नंगल के पास 124 करोड़ की लागत से बने 4-लेन रेलवे ओवरब्रिज, एनएच-703बी की 75.167 किलोमीटर लंबी आरओबी परियोजना, ईपीसी मोड पर 327 करोड़ रुपये की लागत से बनी परियोजना का उद्घाटन किया। इसमें मोगा से मक्खू और हरिके से खालड़ा तक 2 लेन का पुनर्वास और नवीनीकरण भी शामिल है।
पंजाब के विभिन्न स्थानों पर 11,670 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का नींव पत्थर रखा गया। इसमें 31 किमी लंबा अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड सपुर से लालड़ू, 31 किमी लंबा ब्यास-मेहता-बटाला से डेरा बाबा नानक, 43 किमी लंबा मोगा-बाघापुराना से बाजाखाना, 47 किमी लंबा 6-लेन जालंधर बाईपास ग्रीनफील्ड, 54 किमी अमृतसर से बठिंडा, 62 किमी लंबा अमृतसर-बठिंडा ग्रीनफील्ड सेक्शन, 30 किमी लंबा लुधियाना-बठिंडा ग्रीनफील्ड हाईवे और दिल्ली, अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे आदि शामिल हैं।
भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने कहा कि प्रधानमंत्री 12 मार्च को 3000 करोड़ के रेलवे स्टेशनों के आधुनिक विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। केंद्र सरकार ने पंजाब के अंबाला रेलवे डिवीजन के 7 रेलवे स्टेशनों को अपग्रेड किया है, जिनमें प्रधानमंत्री ने लुधियाना के साहनेवाल, न्यू चावापैल और न्यू खन्ना, फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ और न्यू सरहिंद और पटियाला जिले के न्यू सराय बंजारा और न्यू शंभू आदि रेलवे स्टेशनों को 3000 करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।