फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बठिंडा में मोदी ने मंच से पाकिस्तान को ललकारा, नोटबंदी पर भी बोले

Fri, 25 Nov 2016 06:18 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बठिंडा(पंजाब)
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
विज्ञापन
बठिंडा में एम्स का शिलान्यास करने के बाद पीएम मोदी ने न सिर्फ पाकिस्तान को ललकारा, बल्कि नोटबंदी पर भी बयान दिया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान यहां से दूर नहीं है। सीमा पर रहने वाले, सीमा पार से होने वाले जुल्म सहते रहते हैं। अब पाकिस्तान ने देख लिया है कि भारत की सेना में दम कितना है, हमारे फौजियों की ताकत कितनी है, ये परिचय हमने करवा दिया है।
विज्ञापन


यहां देखिए मोदी की रैली


250 किमी लंबे पट्टे पर जब हमारे सेना के बहादुर जवानों ने सर्जिकल स्ट्राइक किया, सीमा पार बड़ा हड़कंप मच गया। अभी भी उनका मामला ठिकाने नहीं लग रहा। लेकिन मैं पाकिस्तान के आज पड़ोस में खड़ा हूं, सीमा पर खड़ा हूं, तब पाकिस्तान के आवाम से सीधी बात करना चाहता हूं। उन्हें कहना चाहता हूं कि ये हिंदुस्तान है।

जब पेशावर में बच्चों को मार दिया जाता है तो यहां के सवा सौ करोड़ देशवासियों की आंखों में आंसू होते हैं। पाकिस्तान के लोग अपने हुक्मरान से जवाब मांगें। लड़ना है तो भ्रष्टाचार से लड़ो, कालेधन के खिलाफ लड़ो। लड़ना है तो गरीबी के खिलाफ लड़ो। भारत के साथ लड़कर खुद को भी तबाह कर रहे हो और बेकसूरों की मौत के गुनहगहार भी बन रहे हो। पाकिस्तान की आवाम भी गरीबी से मुक्ति चाहती है।
विज्ञापन

सिंधु जल समझौते पर खुलकर बोले मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
सिंधु जल समझौते पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सतलुज-ब्यास-रवि। इन तीन नदियों का पानी, उसमें जो हिंदुस्तान के हक का पानी है, वह मेरे किसान भाइयों के हक का पानी है। वह आपके खेत में नहीं आ रहा। पाकिस्तान के जरिए समंदर में बह जा रहा है। न पाकिस्तान उसे इस्तेमाल करता है, न हमारे किसानों के नसीब में है।

मैंने टास्क फोर्स बनाया है। इंडस वॉटर ट्रीटी, जिसमें हिंदुस्तान के हक का पानी जो पाकिस्तान में बह जाता है, उस बूंद-बूंद पानी को रोककर पंजाब के किसानों के लिए लाने के लिए मैं कृत-संकल्पित हूं। हमारे हक का भी इस्तेमाल न करें और मेरा किसान पानी के लिए तरसता रहे? आपके खेतों को पानी से लबालब करने का इरादा करके मैं चल रहा हूं।

पराली को न जलाएं, उत्तम खुराक बनाएं किसान: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
मोदी ने कहा, मैं आज किसानों से बात आग्रह से करना चाहता हूं। कोई ये कह सकता है कि मोदी को राजनीति आती नहीं है क्योंकि किसानों को वह ऐसी सलाह देता है। मेरे किसान भाइयो-बहनो! मुझे चुनाव के गणित से कोई लेना-देना नहीं है।

मुझे तो मेरे किसान का भला हो, यही मेरा हिसाब-किताब है। आप मुझे बताइए कि आज से पहले हमें ज्ञान नहीं था तो फसल कटने के बाद बचा हिस्सा जला देते थे। अब विज्ञान ने सिद्ध कर दिया है कि जिस खेत में जो फसल होती है उसके बाद जो वेस्टेज बचता है, वह उस खेत की धरती की उत्तम खुराक होती है।''

उसी को मशीन में घुमाकर खेतों में डाल दें तो मिट्टी को खुराक मिल जाती है। पराली उसके पेट में डाल दोगे तो धरती मां आपको आशीर्वाद देगी। इसलिए इसे जलाओ मत, ये आपकी संपत्ति है। अरबों-खरबों की संपत्ति है।

काला कारोबार अब देश में नहीं चलेगा: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार और काले धन ने इस देश के मध्यम वर्ग को लूटा है। गरीबों को उनके हक से वंचित रखा है। मुझे मध्यम वर्ग का शोषण और लूट बंद करानी है। गरीबों को उनका हक दिलाना है। इसलिए मैंने 500 और 1000 के नोट बंद किए।

नए नोट आने वाले हैं, लेकिन इसके लिए लोगों ने जो क​ठिनाई झेली है, उसकी सराहना करता हूं, लेकिन उसके लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। मोदी ने कहा कि इस रास्ते में कठिनाइयां हैं, इसलिए आपका सहयोग मांगने आया हूं।

काला कारोबार अब देश में नहीं चलेगा। ईमानदारों के अच्छे दिन लाने के लिए सरकार ने कालेधन के खिलाफ कड़ा फैसला लिया है। ईमानदार लोग कष्ट झेलकर नोटबंदी के फैसले के पक्ष में हैं।

नोटबंदी पर बोले मोदी, मोबाइल फोन को बैंक बनाओ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
लोगों की समस्या कम करने के लिए सरकार ई-पेमेंट, प्लास्टिक मनी, कैशलेस ट्रांजेक्शन पर ज्यादा जोर दे रही है। आप अपने मोबाइल फोन को बैंक बना सकते हो। किसान अपने हाथ में मोबाइल का महत्व समझें। टेक्नोलॉजी ऐसी आ गई है कि पैसे को छुए बिना कारोबार कर सकते हैं। पेमेंट कर सकते हैं। शॉपिंग कर सकते हैं।

काला कारोबार दीमक की तरह है। अगर काले धन के कारोबारियों को उठने नहीं देना है तो मोबाइल ऐप को डाउनलोड करिए और उसे अपना बटुआ बनाएं। अब वो जमाना चला गया कि जेब में पैसे भरकर जाना पड़ा, बल्कि डिजिटल कैश आ गया है। उसका बढ़ चढ़कर प्रयोग कीजिए।

पंजाब के विकास के लिए दिल्ली आपके साथ है। ताकतवर पंजाब बनाना है। नया पंजाब बनाना है। पंजाब को आगे ले जाना है। एम्स विकास की इस गति में मील का पत्थर साबित होगा। मैं पंजाबवासियों से सहयोग मांगता हूं। देश में जितने परिवार हैं, उसके चार गुना मोबाइल यूजर हैं। इस जमाने में हमें टेक्नॉलजी के महत्व को समझना होगा।
विज्ञापन

926 करोड़ से बनेगा एम्स, मोदी ने किया शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सवेरे साढ़े 11 बजे बठिंडा में रैली स्थल पर पहुंचे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला मौजूद रहे।

सभी ने बारी-बारी लोगों को संबोधित किया। बठिंडा में प्रधानमंत्री की इस रैली को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखा। प्रोग्राम में लगाई गई कुल 24 हजार कुर्सियां खचाखच भरी नजर आई। कई लोगों को खड़े होकर सुनना पड़ा।

स्क्रीन पर दिखाई गईं एम्स की खासियतें
926 करोड़ की लागत से बने एम्स में 16 ऑपरेशन थियेटर होंगे। 750 बेड और 30 आयुष बेड होंगे। मेडिकल कॉलेज होगा,​ जिसमें हर साल 100 स्टूडेंट्स को दाखिला मिलेगा। एम्स में कैंसर पर रिसर्च करने के लिए हर सुविधा मौजूद होगी।

500 सीटों वाला ऑडिटोरियम होगा। सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त लैब और डॉक्टर्स के रहने के लिए आवास बनाए जाएंगे। पुनर्वास केंद्र भी बनाया जाएगा। इसे जून 2020 तक पूरा किए जाने की योजना है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें