शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर 9 नवंबर को सुलतानपुर लोधी में होने वाले समागम की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
शनिवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में गुरु साहिब के 550वें प्रकाश पर्व समागम के संदर्भ में हुए एक गुरमति समागम को संबोधित करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रपति 12 नवंबर को होने वाले मुख्य समागम की अध्यक्षता करेंगे। जबकि अलग-अलग मुख्यमंत्री और गृहमंत्री अमित शाह 11 नवंबर को होने वाले समागम की अध्यक्षता करेंगे।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की 550वीं शताब्दी अवसर पर पवित्र नगरी सुलतानपुर लोधी में एक नवंबर से 12 नवंबर तक समागम करवाए जाएंगे।
समागम के दौरान पश्चिम बंगाल की संगत को सुलतानपुर लोधी में आने का आमंत्रण देते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने उन्हें पाकिस्तान में श्री करतारपुर साहिब जाने का भी अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर 9 नवंबर को खोल दिया जाएगा और श्रद्धालु इस कॉरिडोर से श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकेंगे।
सुखबीर ने कहा कि 550वें प्रकाश पर्व समागम को कामयाब बनाने के लिए अकाली दल तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा पूरा जोर लगाया जा रहा है।