प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ही दिन पंजाब और हरियाणा को दो सौगातें दी हैं। पंजाब का कैंसर अस्पताल जहां छह राज्यों के लिए मददगार साबित होगा वहीं हरियाणा के फरीदाबाद में अमृता अस्पताल एनसीआर से लेकर जम्मू-कश्मीर तक के मरीजों के इलाज में मील का पत्थर साबित होगा। सुबह पीएम ने फरीदाबाद में अस्पताल का उद्घाटन किया जिसके बाद दोपहर को मोहाली पहुंचे।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर इन दोनों बड़ी परियोजनाओं को प्रधानमंत्री ने आजादी के अमृतकाल में नया संकल्प बताया है। उन्होंने कहा कि आज के इन दोनों कार्यक्रमों से पता चलेगा कि सरकार देश की बेहतरी के लिए क्या कदम उठा रही है। पूर्व की सरकारें पिछले 70 सालों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो काम नहीं कर पाई हैं, वह हम करके दिखा रहे हैं।
सरकारें बीमारी का इलाज तो करतीं थीं लेकिन बीमारी के पीछे की वजह नहीं देखती थीं। केंद्र सरकार की जलजीवन मिशन योजना की वजह से पानी से होने वाली बीमारियां कम हुईं। योग और आयुर्वेद में केंद्र सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किया है। कोराना काल में जिस तरह से सरकार ने देश को बचाया वह सर्वविदित है।
उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान देश में लोकप्रियता बटोर रहा है। स्वच्छ भारत मिशन अभियान की वजह से ही देश स्वच्छता की ओर बढ़ रहा है और बीमारियों से दूरी बन रही है। पोषण अभियान ने कुपोषण के कारण होने वाली मौतों पर रोक लगाई है। इस सबके अलावा सरकार ने एलपीजी गरीबों को मुहैया करवा कर फेफड़े की बीमारियों से ग्रस्त होने वाली गरीब घर की महिलाओं को स्वस्थ बनाया है। टेलीमेडिसिन एक ऐसी विधा है जिसके जरिये गांव में बैठा व्यक्ति भी शहर के डॉक्टर से परामर्श लेकर इलाज करवा सकता है। आने वाला दौर फाइव जी का है जिसका असर देश की बेहतरी और स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिखेगा।