आपकी आयु 18 वर्ष है तो नाम मतदाता सूची में दर्ज करा लें। साथ ही आपने अपना राज्य और जिला बदला है तो उसमें भी आप परिवर्तन करा सकते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने कार्य शुरू कर दिया गया है।
पंचकूला की दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र (कालका और पचंकूला) में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को एक जनवरी, 2017 को क्वालीफाई तिथि मान कर इनका विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। इनका ड्राफ्ट प्रकाशन एक अक्तूबर, 2016 को सभी बूथों पर कर दिया गया है। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी नागरिक पंचकूला जगदीप ढांडा की अध्यक्षता में इस संबंध में लघु सचिवालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई।
इसमें सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार पंचकूला, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित बीएलओ ने भाग लिया। जगदीप ढांडा ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी के नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची में शामिल करने और वर्तमान मतदाता सूची से मृतक, स्थान छोड़कर गए मतदाताओं के नाम सूची से हटाने व किसी के नाम में कोई अशुद्धि है तो वह सभी 31 अक्तूबर तक नजदीकी बीएलओ, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी के पास निर्धारित प्रोफार्मा में आवेदन करें।