भाजपा ने लीज होल्ड से फ्री होल्ड, लाल डोरा समाप्त करने, डंपिंग ग्राउंड को हटाने, झुग्गी मुक्त शहर, किफायती दरों पर आवास, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, चंडीगढ़ वासियों को नौकरी में प्राथमिकता समेत कई वादों को भाजपा ने दोहराया है। पीयूष गोयल ने कहा कि पिछले कार्यकाल के दौरान कर्मचारियों के हित में कई योजनाओं को लागू किया गया है। इस बार भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पहल के आधार पर पक्का किया जाएगा।
वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन को एक हजार से बढ़ाकर दो हजार करने तथा 70 फीसदी से अधिक दिव्यांग की पेंशन ढाई हजार की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु को सिलिकॉन वैली कहा जाता है, उसी तरह चंडीगढ़ को भी आईटी हब बनाएंगे। नॉलेज हब सुपर पावर बनाने की कोशिश होगी।
नई तकनीक को लाने पर काम किया जाएगा। इससे चंडीगढ़ में करीब एक लाख नौकरियां पैदा होंगी। दावा किया कि चंडीगढ़ देश का पहला स्लम फ्री सिटी बनेगा। इसकी शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, कर्मचारियों समेत हर वर्ग का ख्याल रखा है।
चंडीगढ़ वासियों को नौकरियों में प्राथमिकता दिए जाने का एलान करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि यहां संवैधानिक व्यवस्था के तहत ओबीसी आरक्षण को लागू किया जाएगा। हरियाणा की तर्ज पर गांवों में लाल डोरा सीमा को खत्म करते हुए सभी निर्माणों को नियमित करने की बात करते हुए संकल्प पत्र में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड, एस्टेट ऑफिस के तहत आने वाले सभी घरों, कमर्शियल एवं औद्योगिक इमारतों में आवश्यकता अनुसार पुराने व नए बदलावों को नियमित किया जाएगा।
शहर की सभी कमर्शियल, औद्योगिक, एवं हाउसिंग सोसायटियों को रियायती दरों पर लीज होल्ड से फ्री होल्ड करने की नीति लाई जाएगी। अन अर्न्ड प्रॉफिट की नीति को समाप्त किया जाएगा। पुनर्वास योजना के तहत बनी ईडब्ल्यूएस कॉलोनियों के मकानों में रहने वालों को मालिकाना हक दिया जाएगा।
शहरवासियों से मांगे सुझाव के आधार पर तैयार किया संकल्प पत्र
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि इस बार का संकल्प पत्र भाजपा ने नहीं बल्कि चंडीगढ़ वासियों ने तैयार किया है। चुनाव से पहले भाजपा ने मेरा चंडीगढ़-मेरा सुझाव के नाम से एक अभियान चलाकर शहर वासियों से सुझाव मांगे थे। इसके लिए 27 नवंबर से 13 दिसंबर तक शहर में दो सौ स्थानों पर सुझाव पेटियां रखी गई। जिनमें 79 हजार 892 सुझाव प्राप्त हुए। इन सुझावों के आधार पर ही संकल्प पत्र तैयार किया गया है।
भाजपा के संकल्प पत्र के कुछ अन्य बिंदु
- आरडब्ल्यूए की भागीदारी बढ़ाएंगे
- आधुनिक तकनीक वाला गारबेज प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जाएगा
- घरों की सभी मंजिलों से कूड़ा एकत्रित किया जाएगा
- 24 घंटे पेयजल की आपूर्ति
- अंदरूनी सडक़ों पर भी सीसीटीवी
- सभी गांवों, कालोनियों व सेक्टरों में साउंडप्रूफ कम्युनिटी सेंटर बनेंगे
- सभी गरीब लोगों को आयुष्मान भारत योजना का बीमा कवर