चंडीगढ़। सेक्टर-26 के एक क्लब से पुलिस ने युवक को पिस्टल और पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहाली के गांव मछलीकलां निवासी रंदीप सिंह उर्फ रोहित राणा (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-26 थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी का अपना बड़ा गैंग है जो लोगों से वसूली करता है।
ऑपरेशन सेल को सोमवार की शाम सूचना मिली थी कि सेक्टर-26 में एक युवक पिस्टल और कारतूस लेकर आया है। उसके पास हमेशा असलहा रहता है। पुलिस ने सूत्रों की निशानदेही पर शाम के समय रंदीप को क्लब में जाने से पहले ही पकड़ लिया। उसकी चेकिंग की गई तो पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी से हथियार का लाइसेंस मांगा तो वह नहीं दिखा सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला कि वह रोहित राणा नाम से अपना एक ग्रुप चलाता है। इस ग्रुप में काफी लड़के जुड़े हुए हैं जिनके पास नाजायज हथियार हैं। यह लोग हथियार के दम पर बदमाशी व वसूली करते हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर रही है कि उसकी गैंग में कितने लोग शामिल हैं और किन-किन के पास असलहा है।