पटियाला की सेंट्रल जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक का एक मामला सामने आया है। दरअसल एक महिला को जेल के भलाई अधिकारी के दफ्तर व कंट्रोल रूम के आसपास घूमते देखा गया है। मामला पिछले साल जून-जुलाई का है लेकिन इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर अब वायरल हुई हैं।
जेल सुपरिंटेंडेंट सुरिंदर खन्ना का कहना है कि उन्होंने भी महिला की तस्वीरें देखी हैं लेकिन मामला पिछले साल का है। उस समय वह सुपरिंटेंडेंट नहीं थे। वह रिकॉर्ड चेक कर रहे हैं और जांच भी की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक वायरल फोटो में एक महिला पटियाला जेल के कंट्रोल रूम के आसपास घूम रही है, जबकि यह जेल का अति सुरक्षित एरिया है। यहां केवल जेल सुपरिंटेंडेंट या जेल भलाई अधिकारी ही आ जा सकते हैं। इस जगह से कैदियों की बैरक 20 फुट की दूरी पर है।
बताया जा रहा है कि महिला न तो किसी कैदी की रिश्तेदार है और न ही किसी पुलिस वाले की। ऐसे में सवाल उठता है कि महिला को कंट्रोल रूम के पास जाने की अनुमति किस ने दी। अगर नहीं दी तो वह वहां तक पहुंची कैसे।