गुरुकुल में सिनेमेटोग्राफर जीएल भारद्वाज ने लेंस के जरिए स्टूडेंट्स को फिल्म श्री 420 में छतरी के नीचे मशहूर अभिनेता राजकपूर और नरगिस को कैमरे में कैद किए गए क्षणों से रूबरू कराया गया।
मौका था द गुरुकुल में फोटोग्राफी पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला का। भारद्वाज ने कहा कि उन्हें राजकपूर की पांच फिल्मों में उनके साथ काम करने का मौका मिला और इनमें फोटोग्राफी के हुनर को बेहतरीन रूप देने की कोशिश की।
उन्होंने छात्रों को समकालीन उच्च तकनीक कैमरों के लिए 16 एमएम लेंस से कैमरे और लेंस के विकास की कहानी से रूबरू कराया। आठवीं के छात्र जसप्रीत सिंह को उन्होंने मछली लेंस की जानकारी दी। साथ ही अन्य छात्रों को भी फोटोग्राफी की बारीकियां भी बताई।
भारद्वाज को राजकपूर, बिमल रॉय और गुरुदत्त के साथ कार्य करने का अनुभव प्राप्त है। इस आयोजन के दौरान उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी महज शौक ही नहीं, यह एक संपूर्ण कला है।
इसे सीखने के लिए गंभीरता बेहद जरूरी है और अनुभव के साथ-साथ बारीकियां भी सीख सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए अपने कैरियर के दौरान हासिल उपलब्धियों से भी अवगत कराया।
वहीं, गुरुकुल की प्रिंसिपल हरसिमरन कौर ने कहा कि इस कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को काफी कुछ जानने का मौका मिला। साथ ही छात्रों के लिए एक फोटोग्राफी क्लब की स्थापना की भी घोषणा की गई, जो बेहतर शिक्षा की दिशा में एक पहल है।