हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा 18 जून को पंचकूला में आयोजित की होने वाली पीजीटी लेवल-3 के परीक्षार्थियों के लिए जरूरी हिदायतें जारी कर दी गईं हैं। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (पीजीटी लेवल-3) की परीक्षा में परीक्षार्थियों को सभी हिदायतों का पालन करना होगा और कॉलम नंबर 3, 12, 13 व 16 में दी गई हिदायातों की ओर खासतौर से ध्यान देना होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी एचएस सैनी ने बताया कि परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को घड़ी, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, लॉग टेबल, इलेक्ट्रानिक्स गैजेट के साथ ही किसी प्रकार का कागज लेकर परीक्षा केंद्र के भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही परीक्षार्थी को एडमिट कार्ड पर राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करवाकर नवीनतम रंगीन फोटो चस्पा करके साथ लाना होगा।
जिन परीक्षार्थियों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा होनी है, उन्हें अपने अंगुठे का निशान हाजिरी शीट पर लगाना होगा। इसमें पुरुष परीक्षार्थी बाएं हाथ के अंगुठे और महिला परीक्षार्थी दाएं अंगुठे का निशान लगाएं।
दिव्यांग परीक्षार्थी अपना मेडिकल सर्टिफिकेट व लिखने वाले उम्मीदवार के साथ सेंटर पर पहुंचें। अगर परीक्षार्थी लिखने वाले उम्मीदवार का प्रबंध नहीं कर पा रहा है तो वह 15 जून शाम 5 बजे तक परीक्षा केंद्र पर सुपरिंटेंडेंट या संस्थान के प्रमुख से लिखित रूप में अनुरोध करें। ऐसे परीक्षार्थियों को प्रति घंटे के हिसाब से 20 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे।