वंदे भारत मिशन में विदेश से लौट रहे लोगों को दिल्ली में ही क्वारंटीन करने की मांग को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। इसमें कहा गया है कि क्वारंटीन कराने के बाद ही लोगों को चंडीगढ़ लाना चाहिए ताकि कोरोना फैलने का खतरा न हो। पहले दिल्ली में ही क्वारंटीन किए जाने का फैसला था, लेकिन बाद में उसे बदल दिया गया।
एडवोकेट अभिषेक भटेजा की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया कि चंडीगढ़ एडवाइजर को इसकी जानकारी भी थी, बाद में कहा गया कि इन लोगों की मांग है कि इन्हें चंडीगढ़ में ही क्वारंटीन किया जाए। एडवाइजर ने इसे मंजूर करने की जानकारी भी साझा की। याचिका में उदाहरण दिया है कि पंजाब में नांदेड़ साहिब से लौटे लोगों की वजह से एकदम कोरोना के मामले बढ़ गए।
ऐसे में चंडीगढ़ प्रशासन को अब यह गलती नहीं करनी चाहिए। याची ने कहा कि अगर ये लोग चंडीगढ़ में ठहरते हैं तो यहां की स्थिति भयावह हो सकती है। ऐसे में इन लोगों को सावधानी बरतते हुए दिल्ली में ही क्वारंटीन करने का फैसला लिया जाए। अलग-अलग देशों में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए भी मंत्रालय ने 5 मई को वंदे भारत मिशन शुरू किया है।
इसमें लगभग 5000 लोग चंडीगढ़ के हैं। इन लोगों को पहले दिल्ली के होटलों में क्वारंटीन करने की योजना थी।