पंचकूला हिंसा मामले की जांच कर रही एसआईटी पर डेरामुखी राम रहीम को बचाने के आरोप लग रहे हैं। इसलिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। डेरामुखी गुरमीत राम रहीम को दोषी करार देने के बाद पंचकूला में डेरा समर्थकों द्वारा आगजनी, तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में एक अर्जी हाईकोर्ट पहुंची है।
अर्जी में मामले की जांच कर रही एसआईटी पर डेरामुखी को बचाने के आरोप लगाए गए हैं। इस अर्जी में याचिकाकर्ता ने कहा है कि मामले में पकड़े गए कई लोगों ने पुलिस और अदालत मे बयान दिए हैं कि इन दंगों की साजिश डेरामुखी के इशारे पर की गई थी। इन बयानों के बावजूद एसआईटी इन दंगों के साजिशकर्ता के तौर पर डेरामुखी को नामजद ही नहीं कर रही है।