आम आदमी पार्टी के सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ उनकी दूसरी पत्नी ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए पठानमाजरा के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी को लेकर दी गई शिकायत पर कार्रवाई का निर्देश जारी करने की अपील की है। साथ ही सुरक्षा के लिए हाईकोर्ट से गुहार लगाई है।
याचिकाकर्ता ने एडवोकेट गौरव भैया के माध्यम से दाखिल याचिका में आरोप लगाया है कि विधायक ने शादी का झांसा देते हुए दुष्कर्म किया है। इसके साथ ही धोखाधड़ी करने का भी आरोप लगाया है। याची ने बताया कि वह अपनी शिकायत लेकर मोहाली के एसएसपी कार्यालय गईं थीं। 23 अगस्त को जब वह एसएसपी ऑफिस पहुंची थीं तो उनकी शिकायत को यह कहते हुए लेने से मना कर दिया गया कि एसएसपी ऑफिस में नहीं हैं।
इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेज दी थी। इस शिकायत के बाद अभी तक किसी भी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। याची ने इस मामले में हाईकोर्ट से दखल देने की मांग की है। साथ ही महिला ने अपनी सुरक्षा की भी हाईकोर्ट से मांग की है। याचिका गुरुवार को हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में दाखिल कर दी गई है जिस पर हाईकोर्ट जल्द सुनवाई करेगा।