फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लड़ाकू विमानों के सॉनिक बूम से थर्राया अंबाला, खिड़कियां हिली, घरों से बाहर निकले लोग

Tue, 26 Mar 2019 12:10 AM IST
ajay kumar रमिंद्र सिंह, अमर उजाला, अंबाला कैंट (हरियाणा)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

अंबाला के आकाश में सोमवार को बादलों के बीच लड़ाकू विमानों ने साउंड बैरियर को तोड़ा, जिससे सॉनिक बूम उत्पन्न हुआ। सॉनिक बूम से धमाका इतना जोरदार था कि कई किलोमीटर तक घरों एवं भवनों की खिड़कियां हिल गईं। घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने सोचा की एयरफोर्स स्टेशन के भीतर विमानों के अभ्यास के दौरान कोई धमाका हुआ है। मगर प्रशासन और पुलिस ने ऐसी किसी भी घटना से इंकार किया है। 

विज्ञापन


सुबह से अंबाला एयरबेस से लड़ाकू विमानों ने अभ्यास के लिए बादलों के बीच रूटीन उड़ान भरी। करीब 11:20 पर जोरदार धमाका हुआ, जिससे क्षेत्र के लोग सहम गए। इसके उपरांत दोपहर तक लगातार एक के बाद एक विमान आसमान में मंडराते रहे। एयरफोर्स सूत्रों के अनुसार विमानों ने साउंड बैरियर को तोड़ सॉनिक बूम उत्पन्न किया, जिससे धमाके जैसी आवाज हुई। उधर, धमाके की वजह से बब्याल निवासी कमल मक्कड़ के घर की दीवार में दरार आ गई। उन्होंने बताया जब धमाका हुआ तो पूरा घर हिल गया था। 

बालाकोट स्ट्राइक के बाद कई बार तोड़ा एयरफोर्स से साउंड बैरियर
पीओके के बालाकोट में 26 फरवरी को आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के बाद कई बार एयरफोर्स के विमान पाक के साथ सरहदी क्षेत्रों के निकट साउंड बैरियर को तोड़ सॉनिक बूम उत्पन्न कर पाकिस्तान को डरा चुके हैं। इससे पहले 14 मार्च की मध्यरात्रि पाक सरहद के साथ अमृतसर में और 23 मार्च को शाम करीब चार बजे जोधपुर एयरबेस के निकट साउंड बैरियर को भारतीय विमानों ने तोड़ा जबकि पाली एवं अन्य स्थानों पर भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। 

विज्ञापन

चंडीगढ़ में थे एयर चीफ जब हुआ धमाका 

सुबह एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ अंबाला से महज 45 किमी. दूर चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन में चिनूक हेलिकॉप्टर के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे, जब अंबाला में सॉनिक बूम हुआ। संभवत: माना जा रहा है कि एयर चीफ की सुरक्षा को लेकर लड़ाकू विमान हवा में पूरी तरह अलर्ट थे और दुश्मन को डराने के लिए साउंड बैरियर तोड़ सॉनिक बूम उत्पन्न किया गया। अंबाला से पाक सीमा महज 240 किमी. की दूरी पर है और बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद पहली बार एयर चीफ पाक सीमा के इतने करीब किसी समारोह में पहुंचे थे। 

क्या है सॉनिक बूम 
सुपरसॉनिक या सॉनिक बूम किसी भी विमान द्वारा पैदा की आवाज है। यह ध्वनि की रफ्तार 1225 किमी. प्रति घंटा से तेज होती है जो कि मैक वन के बराबर है। सुपरसॉनिक या सॉनिक का मतलब होता है ध्वनि से तेज। सॉनिक बूम एक तरह की चौका देने वाली तरंगें होती हैं, इस स्पीड पर चलने वाले विमानों से इतनी तेज आवाज पैदा होती है कि जमीन पर बम विस्फोट या बादलों की गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई देती है। 
विज्ञापन

जब विमान हवा में रफ्तार पर उड़ता है तो साउंड वेव यानी ध्वनि तरंगें पैदा करता है। जब विमान ध्वनि गति से कम चलता है तो साउंड वेव विमान के आगे की ओर रहती हैं लेकिन जब विमान साउंड बैरियर तोड़कर ध्वनि की स्पीड से तेज चलता है तो यह सॉनिक बूम पैदा करता है। इसमें विमान आने पर पहले कोई आवाज नहीं आती, लेकिन विमान गुजरते ही तेज आवाज धमाके जैसा बूम होता है। 

जब कोई विमान ध्वनि की गति से कम स्पीड पर चलता है तो उसके द्वारा उत्पन्न प्रेशर डिस्टरबेंस या साउंड सभी दिशाओं में फैल जाती है, लेकिन सुपर सॉनिक स्पीड में प्रेशर फील्ड एक खास इलाके तक सीमित होता है जो अक्सर विमान के पिछले हिस्से पर फैलती है और एक सीमित चौड़े कोने में आगे बढ़ती है जिसे मैक कोन कहा जाता है। विमान के आगे बढ़ने के साथ ही पीछे की ओर कोन का पैराबोलिक किनारा पृथ्वी से टकराता है जोकि जबरदस्त धमाका या बूम पैदा करता है। 

जब इस तरह का विमान काफी लो एल्टीट्यूट यानी नीचे उड़ता है तो यह शॉक वेव इतनी ज्यादा तीव्रता की होती है कि इससे खिड़कियों के शीशे तक टूट जाते हैं। यह तीव्रता इस बात पर भी निर्भर करती है कि विमान धरती से कितनी ऊंचाई पर उड़ रहा है। साथ ही यह विमान के आकार और आकृति पर भी निर्भर करती है।

इसके अलावा यह विमान के वायुमंडलीय दबाव, तापमान और हवा की गति पर भी निर्भर करता है। यदि विमान बहुत लंबा है तो यह डबल सॉनिक बूम पैदा करता है। एक आगे और दूसरा पिछले हिस्से की तरफ। लड़ाकू विमानों की लंबाई ज्यादा नहीं होती इस वजह से अमूमन शॉक वेव विमान के पिछले हिस्से पर दिखाई देती हैं। 

लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। एयरफोर्स से संपर्क किया गया है, कोई घटना नहीं हुई है। लोग किसी भी तरह की अफवाह से बचें। - शरणदीप कौर बराड़, डीसी अंबाला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें