चंडीगढ़। नव निवार्चित मेयर से गांव के लोगों को उम्मीद बंधी है। लोगों का कहना है कि मेयर गांव की ओर रुख करेंगे। उनकी समस्याएं सुनकर हल निकालेंगे। नगर निगम में शामिल 12 ग्राम पंचायतों के 13 गांव विकास की बाट जोह रहे हैं। जब गांव ग्राम पंचायत में थे तो सरपंच से मिलकर काम हो जाता था, लेकिन जब से गांव नगर निगम में शामिल हुए दिक्कतें बढ़ी हैं। पीने के पानी से लेकर फिरनी, सीवरेज और स्टार्म वाटर लाइन, स्ट्रीट लाइट व गलियों की हालत खराब है।
इन समस्याओं को लेकर गांव खुड्डाअलीशेर के पूर्व सरपंच और सरपंच एसोसिएशन चंडीगढ़ के पूर्व प्रधान हुकम चंद मंगलवार को मेयर रविकांत शर्मा से मिले। हुकम चंद ने बताया कि मेयर से उनकी गांव की समस्याओं पर बात हुई। मेयर ने आश्वासन दिया है कि गांव के विकास लिए प्रशासन से फंड रिलीज करवाएंगे। गांव की फिरनी, स्टार्म वाटर लाइन के अलावा सीवरेज व अन्य समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाएंगे।
गांव दड़वा के पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी ने कहा कि गांवों में कोई कॉलेज नहीं है। यहां के विद्यार्थियों खासकर लड़कियां के लिए काफी दिक्कत है। गांवों में भी कॉलेज बनाए जाने की जरूरत है ताकि शिक्षा के क्षेत्र में गांव भी आगे बढ़े।
लाल डोरा से बाहर भी मिलेगा पानी का कनेक्शन
मेयर ने लाल डोरा से बाहर बने मकानों को भी पानी का कनेक्शन देने के लिए आश्वासन दिया है। नगर निगम सदन की अगली बैठक में इस संबंध में एजेंडा लाया जाएगा। -हुकम चंद, पूर्व सरपंच गांव खुड्डाअलीशेर
गांवों में भी शहर जैसी सुविधा मिले
गांव के विकास के लिए मेयर काम करेंगे। गांव के लोगों को पूरी उम्मीद है। यहां भी शहर जैसी सुविधा मिले। खेल के मैदान हों या स्कूल व अन्य सुविधाएं हमें भी मिलनी चाहिए। -गुरप्रीत सिंह हैप्पी, पूर्व सरपंच गांव दड़वा