चंडीगढ़। दड़वा में होटल संचालक का मोबाइल चोरी करने के बाद एक्टिवा लेकर भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़कर जमकर पिटाई की। पुलिस ने आरोपी से चोरी का मोबाइल और एक्टिवा बरामद कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी की पहचान बहलाना निवासी 23 साल के प्रेम पाठक के रूप में हुई है।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता राहुल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दड़वा में होटल चलाता है। सोमवार को वह होटल के काउंटर पर मोबाइल रखकर अंदर चला गया। जैसे ही राहुल बाहर आया तो एक युवक होटल से बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया। राहुल ने देखा काउंटर पर उसका मोबाइल नहीं है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने युवक का पीछा कर उसे आवाज लगाई, जो होटल के बाहर खड़ी उसकी एक्टिवा का स्टार्ट करने लगा। पीड़ित ने शोर मचाते हुए भागकर उसका पीछा किया तो एक्टिवा लेकर भागते समय वह नीचे गिर गया। लोगों ने युवक को पकड़कर पिटाई कर दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी से मोबाइल और एक्टिवा बरामद कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।