करतारपुर साहिब के दर्शन करते लोग
- फोटो : एएनआई
प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 550 प्रकाश उत्सव को लेकर देश विदेश में लोग बेहद उत्साहित है। वहीं अभी दोबारा भारत पाकिस्तान के बढ़ते रिश्तों में तनाव को लेकर लोगों में संशय की स्थिति है। एक तरफ जहां उन्हें अपने गुरु के दर्शन दीदार करने की चाहत है, वहीं दिलों में देश के प्रति वफादारी कूट कूट कर भरी है।
हालांकि सरकारों का दावा है कि इन बिगड़ते रिश्तों के बावजूद गुरु श्री गुरु नानक देव जी के दर्शनों से लोगों को वंचित नहीं होने देंगे। इस सबके बीच डेरा बाबा नानक कॉरिडोर में करतारपुर साहिब गुरुद्वारा के दर्शन करने आए रमदास के बार्डर गांव दरिया मूसा के जत्थे के श्रद्धालुओं का कहना था कि वह चाहते हैं कि यह कॉरिडोर खुले और उन्हें अपने गुरु के दर्शन दीदार हो सकें, जिसकीं उन्हें पूरी आशा है। फिर भी भारत को पाकिस्तान की साजिश का शिकार नहीं होना चाहिए।
देश पूरी एहतियात बरते जिसके लिए वह अपनी सरकार का सहयोग करेंगे। इसी तरह कुछ लोगों ने संशय की स्थिति बताते हुए कहा कि सरकार को काली भेड़ों को पहचानना चाहिए। क्योंकि वह इस धार्मिक स्थल के जरिये गलत हरकतों को अंजाम दे सकते हैं। रमदास से आए जत्थे में युवा लड़कियां भी थीं। उनका कहना था कि सरकार को हर तरह से तैयार रहना चाहिए। क्योंकि यह एक साजिश भी हो सकती है। कुल मिला कर सभी लोग संशय की स्थिति में हैं कि आगे क्या होगा, कुछ पता नहीं।
एक बुजुर्ग करतार सिंह ने अपने ही अंदाज में कहा कि जब कोई आपस में पड़ोसी लड़ते हैं तो उनका मुश्किल से समझौता होता है। फिर भी हमेशा आशंका है कि कहीं दूसरा साजिश तो नहीं रच रहा। यहां तो देशों का मामला है, इसलिए सरकार को पूरी तरह सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने दोनों देश की सरकारों का धन्यवाद भी किया और गुरु के दीदार के लिए किसी तरह के विवाद से बचने की प्रार्थना की।