सेक्टर-22 और 23 के सरकारी मकानों में रहने वाले अधिकतर कर्मचारी अपने परिवार सहित दूसरे सेक्टरों में शिफ्ट होने की योजना बना रहे हैं।
लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से लोगों का घर खाली छोड़कर जाना मुश्किल हो गया है। एक के बाद एक वारदात होने से पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।
यहां पर अधिकतर दंपति ऐसे हैं जो दोनों ही सरकारी नौकरी करते हैं, ऐसे में उनके घर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक खाली रहते हैं। ऐसे लोगों ने तो अपने रिश्तेदारों को भी मकान की सुरक्षा के लिए बुला लिया है। सेक्टर 22 के सरकारी मकान में रहने वाले सुनील कुमार ने बताया कि गहने तो लॉकर में रखे हुए हैं, लेकिन नगदी कहां पर रखे। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात देखकर लगा रहा है कि मकान किसी दूसरे सेक्टर में लिया जाए।
क्राइम ब्रांच लगी चोर को पकड़ने में
सरकारी मकानों में आए दिन चोरी की वारदात होने पर सेक्टर 17 थाना पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। इसकेचलते क्राइम ब्रांच की टीम को चोर पकड़ने की जिम्मेवारी दी गई है। क्राइम ब्रांच की टीम सिविल ड्रेस में तैनात होकर निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा अपने सोर्स को अलर्ट कर दिया गया है।
इन कारणों का चोर उठाते है फायदा
सेक्टर 22 और 23 के सरकारी मकानों की दीवार छोटी है और चोर दीवार फांदकर अंदर चले जाते है।
- सरकारी मकानों पर बाहर ताले लगे हुए सड़क से ही दिखाई देते हैं
- सेक्टर 22 और 23 के सेक्टर में चारों तरफ खुला एरिया है।
- सरकारी मकान में रहने वाले ज्यादातर दंपति नौकरी करते हैं।
- सरकारी मकानों की तरफ पुलिस की गश्त बिलकुल नहीं है।
फरवरी महीने में तीन मकानों के टूटे ताले
10 फरवरी : सेक्टर 22-डी के मकान नं 3230 निवासी डिंपल बिंद्रा अपने घर से बाहर गई हुई थीं। जब वापिस आई तो मकान को ताले टूटे पड़े थे और घर से 35 हजार रुपये चोरी थे।
18 फरवरी : सेक्टर 23 के मकान नं 2013 पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की कर्मचारी संगीता ने पुलिस को बताया कि वह ड्यूटी पर गईं हुई थीं। शाम को लौटी तो मकान के ताले टूटे देखे। जब वापिस आई तो कमरों में सामान बिखरा हुआ था। चोर ने घर से एक सोने की चेन, एक पेंडल, एक जोड़ी कानों की बाली और तीस हजार नगदी चोरी थी
24 फरवरी: सेक्टर 23 के मकान नं 22 निवासी डिप्टी हेल्थ सुपरिंटेंडेंट हरीश कुमार अपने परिवार के साथ यमुनानगर गया था। कालेज से जब बेटा वापिस आया तो मकान का ताले टूटे हुए थे। चोर घर से आठ लाख नगदी और सोने के गहनाें पर हाथ साफ कर गया था।
सेक्टर 7 के सरकारी मकान में भी शुरू की वारदातें
सेक्टर 22 और 23 के सरकारी मकानों के बाद अब चोर ने सेक्टर-7 के सरकारी क्वार्टर में भी वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया है।
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के कर्मचारी सेक्टर 7 के बिश्नलाल ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए सेक्टर-11 गए थे। वापस आए तो मकान का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा हुआ था। बिश्नलाल ने बताया कि चोर घर से आठ तोला सोने के गहने और 57 हजार नगदी ले गए थे।
सेक्टर-23 में रहते हैं कई वीआईपी
सेक्टर-23 में कई वीआईपी भी रहते हैं। यहां पर प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के अलावा कई व्यापारी भी रहते हैं। यहां पर कांग्रेस पार्षद शाीला फूल सिंह, पूर्व मेयर सुभाष चावला, मनोनीत पार्षद सुरेंद्र बग्गा भी रहता है। मालूम हो कि सेक्टर-22 और 23 के सबसे पुराने सेक्टरों में आता है।
इंटक उपाध्यक्ष हरजिंद्र सिंह का कहना है कि वह पिछले कई सालों से अपने परिवार के साथ सेक्टर-23 बी के सरकारी मकान में रहते हैं। उनका कहना है कि हैरानी की बात है कि एक के बाद एक वारदात हो रही है और पुलिस चोर को पकड़ नहीं पा रही है।
सेक्टर-23 ए और बी(सरकारी मकान) की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव अजय जोशी का कहना है कि एरिए में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ने से लोग खौफ आ गया है।
90 प्रतिशत से ज्यादा दंपति ऐसे हैं जो सरकारी नौकरी करते हैं और उनके घर पर सुबह से शाम तक ताले लगे रहते हैं। उनका कहना है कि पुलिस को दोपहर को गश्त बढ़ानी चाहिए।