चंडीगढ़ में लोगों को टीकाकरण के स्लॉट बुकिंग की दिक्कत तो झेलनी पड़ ही रही थी, अब एक नई समस्या सामने आ गई है। टीका लगवाने के लिए एप पर लोग जैसे ही अपने आधार कार्ड के नंबर को पंजीकरण के लिए अंकित कर रहे हैं, उस आधार कार्ड पर अन्य प्रदेश में कोई दूसरा व्यक्ति पंजीकृत दिख रहा है। इस कारण उन्हें टीका ही नहीं लग पा रहा है। स्वास्थ्य निदेशक अमनदीप कंग का कहना है कि केंद्र को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराया जाएगा।
कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने अपने परिचित से इस संबंध में बात की तो पता चला कि पंजीकरण के समय शुरुआत के अक्षर तो दिखते नहीं, लेकिन अंतिम चार अक्षर अन्य प्रदेशों के व्यक्ति के आधार कार्ड से मैच होने पर पंजीकरण उसी व्यक्ति के नाम से बताता है। हो सकता है उस व्यक्ति ने पहले ही टीका लगवा लिया हो, इसलिए यह समस्या हो सकती है।
केस एक
चंडीगढ़ निवासी सुनीता ने 14 जून को आरोग्य सेतु एप से टीकाकरण के लिए पंजीकरण किया। इस दौरान एप में बताया कि उनके आधार कार्ड के नंबर से गौरव कुमार ने पंजीकरण कराया हुआ है।
केस दो
चंडीगढ़ निवासी जसबीर गुप्ता ने 15 जून को आरोग्य सेतु एप पर पंजीकरण कराया था। इस दौरान एप में बताया गया कि उनके आधार कार्ड नंबर से सुरेश ने पंजीकरण कराया हुआ है, जिनका टीकाकरण हो चुका है।
केस तीन
चंडीगढ़ निवासी विश्वकर्मा शाह ने बताया कि 16 जून को उन्होंने आरोग्य सेतु एप पर पंजीकरण के लिए आवेदन किया था। उनके आधार कार्ड के नंबर से बालूबंशी गायकवाड़ ने पंजीकरण कराया हुआ है, जिनका टीकाकरण हो चुका है।
हमारे पास यह नई तरह का केस आया है। इसके लिए केंद्र को पत्र लिखेंगे। वहां एक टीम बनी है, जो ऐसी समस्याओं का तत्काल निराकरण करती है। वहां से फैसला होने पर ऐसे लोगों के टीकाकरण का निर्णय लेंगे।
-अमनदीप कंग, निदेशक, स्वास्थ्य विभाग, चंडीगढ़
कोट
यह संभव है कि आधार कार्ड की डुप्लीकेट कॉपी बनाकर कोई उपयोग कर रहा हो। इसके अलावा गलत एंट्री, फर्जी आधार कार्ड भी एक मसला हो सकता है। इसके लिए कोविन या आरोग्य सेतु की वेबसाइट पर जाकर एक बार चेक करना चाहिए। वहां इसकी सत्यता का तत्काल पता चल जाएगा।- राजेश राणा, साइबर एक्सपर्ट