पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज का सालाना फेस्टिवल पेक फेस्ट शुक्रवार से शुरू हो गया। फेस्ट केपहले दिन युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और छात्रों ने खूब मौज-मस्ती भी की।
वहीं फेस्ट के पहले दिन फॉर्मूला-1 रेसिंग कार ही छात्रों में सबसे ज्यादा आकर्षण बटोर रही थी। चंडीगढ़ में पहली बार आई इस रेसिंग कार की एक झलक पाने के लिए हर कोई बेताब था।
फेस्ट के पहले दिन रीजन के विभिन्न कॉलेजों से छात्र आए हुए थे।
सहारा फोर्स इंडिया की ओर से एफ-1 पिट स्टॉप प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को कम से कम समय में कार केटायर बदलने थे। इसकेलिए 9-9 छात्रों की टीमें बनाई गई थी।
काफी टीमों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया,जिनमें एक टीम ने सबसे कम 20 सेकेंड में कार के टायर बदले। विजेता टीम का अभी नाम घोषित नहीं किया गया है। यह प्रतियोगिता देश केअलग-अलग कॉलेजों में करवाई जा रही है। पूरे देश में पहला स्थान पाने वाली टीम को सहारा केखर्चे पर अगले साल फॉर्मूला-1 रेस देखने का मौका मिलेगा।
फेस्ट में बिकेंगे क्रिकेटर
पेक फेस्ट केपहले दिन आईपीएल ऑक्शन इवेंट के लिए भी छात्रों में खूब क्रेज देखने को मिला। इस इवेंट में आईपीएल की तर्ज पर ऑक्शन की जा रही है, जिसमें क्रिकेटरों की बोली लगाई जाएगी।
पहले दिन इस इवेंट में सैंकड़ों छात्रों ने भाग लिया जिनमें से 18 छात्रों को ही चुना गया और उन्हें आईपीएल केनामों वाली 9 टीमों में विभाजित किया गया। अब ये छात्र फेस्ट के दूसरे दिन क्रिकेटरों की बोली लगाएंगे।
मैराथन से हुई शुरूआत
पेक फेस्ट की शुरूआत शुक्रवार सुबह मैराथन से हुई। मैराथन में छात्रों ने हरियाली का संदेश दिया। भारतीय बैडमिंटन टीम के कोच सुरिंदर महाजन ने झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। छह किलोमीटर तक की ये मैराथन पेक से शुरू हुुई और सुखना लेक पर खत्म हुई। मैराथन में 500 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। पेक के निदेशक डॉ.मनोज अरोड़ा ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए इस तरह के आयोजन समय-समय पर जरूरी हैं।