चंडीगढ़ में पीसीआर ने पार की जेब्रा क्रासिंग।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में ट्रैफिक नियम सभी के लिए एक समान है। सोशल मीडिया पर ट्वीट के बाद ट्रैफिक पुलिस ने अपने ही मुलाजिम का चालान काटा है। पुलिस की पीसीआर देर रात सड़क पर रेड लाइट पर जेबरा क्रॉसिंग के काफी आगे खड़ी थी। मोहित शर्मा ने पीसीआर की फोटो खींचकर ट्वीटर पर पोस्ट की और चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के साथ शेयर की। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस को चालान काटना पड़ा। इससे पहले भी कई बार सरकारी वाहन का चालान काटा जा चुका है।
पीसीआर गाड़ी 30 अक्तूबर सुबह करीब 3 बजे रेड लाइट के दौरान सेक्टर-47 के ई-संपर्क लाइट प्वाइंट पर जेब्रा क्रॉसिंग के आगे खड़ी थी। एक यूजर ने पीसीआर की फोटो ट्वीटर पर शेयर कर ट्रैफिक पुलिस से सवाल किया कि यदि पुलिस ही ऐसे ट्रैफिक नियम तोडे़गी तो आम लोगों से क्या उम्मीद की जा सकती है।
एक मुलाजिम की बिना सीट बेल्ट फोटो की गई थी शेयर
हाल ही में सोशल मीडिया पर चंडीगढ़ पुलिस के मुलाजिम की पीसीआर में बिना सीट बेल्ट ड्राइविंग करते हुए की वीडियो पोस्ट की गई थी। हालांकि गाड़ी नंबर न डाले जाने के चलते उसका चालान जारी नहीं किया गया था। ट्वीटर पर पोस्ट शेयर करने वाले ने कहा था कि स्मार्ट कैमरे से नंबर का पता किया जा सकता है। इसकी लोकेशन 22 अक्तूबर को सेक्टर-15/16 लाइट प्वाइंट की थी। रात को 8.22 बजे यह वीडियो बनाया गया था।
स्मार्ट कैमरे से अफसरों की गाड़ियों के भी काटे जा चुके हैं चालान
चंडीगढ़ में लगे स्मार्ट कैमरे किसी को नहीं बख्शेंगे। कई पुलिस अधिकारियों की गाड़ियों के भी कैमरे की मदद से चालान काटे जा चुके हैं।