चंडीगढ़। महाराजा रणजीत सिंह ट्रॉफी में शुक्रवार को खेले गए लीग मुकाबले में पीसीए रेड ने पीसीए ग्रे को 5 विकेट से हराया। मोहाली में खेले गए मैच में पीसीए ग्रे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 188 रन बनाए। ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 34 गेंद पर 49 रन, रुषिल श्रीवास्तव ने 47 और गौरव मरकन ने 38 रन बनाए। अभिनव ने 3 विकेट, जबकि गर्व और सुखविंदर ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पीसीए रेड ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 189 रन बनाकर जीत हासिल की। जसकरनवीर सिंह पॉल ने 46 गेंदों पर 63 रन की शानदार पारी खेली। माधव सिंह ने 30, कार्तिक शर्मा ने 26 और मयंक गुप्ता ने 30 रन जोड़े। मयंक मार्कंडेय ने नाबाद 21 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। पीसीए ग्रे की ओर से विक्रांत राणा ने 2 विकेट लिए।
पर्पल टीम ने ऑरेंज को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में पीसीए पर्पल ने पीसीए ऑरेंज को 7 विकेट से मात दी। ऑरेंज टीम ने युवी गोयल, हरनूर पन्नू और सनवीर सिंह के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में 208/4 रन बनाए। नेहल वढेरा ने नाबाद 41 रन जोड़े।
जवाब में पीसीए पर्पल ने विश्वनाथ प्रताप के नाबाद 105 (59 गेंद) और रमनदीप के 49 रन की बदौलत 19 ओवर में 209/3 रन बनाकर जीत दर्ज की। जसन जिंदल ने 2 और ईमानजोत ने 1 विकेट लिया।