चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पार्किंग के दामों पर विवाद बढ़ा, बंसल बोले- यह घोर निंदनीय
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की नई पार्किंग के दामों पर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि वाहनों की पार्किंग के लिए लोगों को ट्रेन के टिकट से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। अब इसको लेकर पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री पवन कुमार बंसल ने भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि पार्किंग के बढ़े दामों की वह घोर निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेनों की समयबद्धता अनिश्चित होने के बावजूद पार्किंग की अवधि 30 मिनट से अधिक होने पर एक हजार रुपये का जुर्माना तय किया गया है।
पार्किंग के दाम बढ़ने के बाद रेलवे स्टेशन पर रोजाना विवाद हो रहे हैं। हालत यह है कि लोगों को मजबूरन एक हजार रुपये चुकाने पड़ रहे हैं क्योंकि जो लोग अपने दोस्तों या रिश्तेदारों को छोड़ने जाते हैं, ट्रेन लेट होने की वजह से उन्हें इंतजार करना पड़ता है। इसके बाद पार्किंग से बाहर आने में अगर 30 मिनट से ज्यादा का समय लग जाता है तो गाड़ी की पार्किंग के लिए एक हजार रुपये चुकाने पड़ते हैं।
मनीष तिवारी ने रेलमंत्री से की हस्तक्षेप की मांग
उधर, श्री आनंदपुर साहिब से कांग्रेस के सांसद मनीष तिवारी ने भी इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ट्विटर पर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए उन्होंने लिखा है कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर लोगों से बड़े स्तर पर जबरन वसूली की जा रही है। एक घंटे के लिए वाहन पार्किंग के 1000 रुपये लेना किसी पागलपन से कम नहीं है। रेलमंत्री कृपया इस मामले में हस्तक्षेप करें।
पिक एंड ड्रॉप के लिए छह मिनट तक पार्किंग फ्री
रेलवे स्टेशन पर आम लोगों के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा पार्किंग एरिया में 6 मिनट के लिए फ्री है। छह मिनट से ज्यादा होने पर 30 रुपये और छह मिनट से अगले 15 मिनट तक के लिए 50 रुपये। 15 से 30 मिनट तक के लिए 200 रुपये जबकि 30 मिनट के बाद 1000 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
व्यावसायिक गाड़ियों के लिए पार्किंग के दाम
व्यावसायिक गाड़ी की एंट्री पर ही 30 रुपये दाम रखा गया है। छह मिनट से अगले 15 मिनट तक पार्किंग के 50 रुपये। इसके बाद 30 मिनट तक 200 रुपये और 30 मिनट से ज्यादा समय तक गाड़ी पार्क करने पर एक हजार रुपये चुकाने पड़ते हैं।