सांसद किरण खेर ने जैसे ही हरी झंडी दिखाई, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेन पटना साहिब के लिए रवाना हो गई। माता तृप्ता जी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से ये ट्रेन भेजी गई।
खास बात ये है कि ट्रेन में ही यात्रियों के लिए लंगर लगाया जाएगा। लंगर बनाने का काम पैंटरी कार में किया जाएगा। सभी कोच में लंगर बरताने के लिए लोगों की ड्यूटी लगा दी जाएगी। ये ट्रेन चंडीगढ़ से दिल्ली सफदरगंज, आगरा कैंट, कानपुर और मुगलसराय होते हुए पटना साहिब जाएगी। ट्रेन के लिए 1700 यात्रियों ने बुकिंग करवाई है और हर यात्री से 2200 रुपये किराया लिया गया है। यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था गुरद्वारों में की गई है।
46 लाख में करवाई बुकिंग
ट्रस्ट के ट्रस्टी सतबीर सिंह ने बताया कि गाड़ी की बुकिंग पर 46 लाख रुपये के करीब खर्चा आया है जिसमें 6 लाख रुपये रिफंडेबल सिक्योरिटी है। गाड़ी की बुकिंग इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) से करवाई गई है। गाड़ी में 19 स्लीपर और 2 थर्ड एसी कोच हैं, जबकि एक पैंटरी कार भी होगी। गाड़ी 50 घंटे तक पटना साहिब में खड़ी रहेगी और उसी में यात्री वापस आएंगे।
ऐसे करवा सकते हैं बुकिंग
यदि कोई संस्थान या ट्रस्ट इस तरह चार्टेड या स्पेशल ट्रेन बुक करवाना चाहता है तो वे आईआरसीटीसी के लोकल दफ्तर से संपर्क कर सकता है। बुकिंग करने पर आईआरसीटीसी ही फिजीबिलटी के मुताबिक रेल मंत्रालय से मंजूरी लेता है। ट्रेन की बुकिंग के लिए सिक्योरिटी अमाउंट भी जमा करवाना पड़ता है।