मरीजों की बीमारी के डाटा से लिंक होगा आधार कार्ड
- फोटो : डेमो फोटो
अब मरीजों की बीमारी का डाटा सीधे आधार नंबर से लिंक होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। इसकी शुरुआत जल्द हो सकती है। योजना शुरू होने के बाद प्रदेश के किसी भी कोने में मरीज की केस हिस्ट्री तुरंत ही एक क्लिक पर डाक्टर के सामने होगी। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रोजेक्ट कई मायनों में मरीजों को राहत देगा।
उल्लेखनीय है कि मरीजों का डाटा आनलाइन करने की योजना पर विभाग काम कर रहा है। इसके लिए बाकायदा कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी है। इसी कड़ी में अब स्वास्थ्य विभाग मरीजों के आधार कार्ड से मरीज की केस हिस्ट्री सीधे उसके आधार कार्ड से जोड़ने की तैयारी चल रही है। अब सूबे के किसी व्यक्ति का इलाज चाहे अंबाला के नागरिक अस्पताल में हो या फिर जींद में उसकी सारी हिस्ट्री एक आधार कार्ड नंबर के जरिये पूरे सूबे के सभी नागरिक अस्पतालों, सीएचसी व पीएचसी के कंप्यूटरों पर उपलब्ध होगी।
ऐसी ही कुछ योजना हरियाणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा अमल में लाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अस्पताल में ईलाज करवाने पहुंचे व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन के समय अपना आधार कार्ड दिखाना होगा और उसका आधार कार्ड नंबर उसकी रजिस्ट्रेशन में दर्ज कर दिया जाएगा। फिर उसके बाद वह चाहे अपना इलाज अंबाला के नागरिक अस्पताल में करवाए या फिर सूबे के किसी सीएचसी और पीएचसी में करवाए, उसकी बिमारी की हिस्ट्री से लेकर उसके सभी प्रकार के टेस्टों की रिपोर्ट पूरे सूबे के सभी नागरिक अस्पतालों और सीएचसी व पीएचसी के कंप्यूटरों पर उपलब्ध रहेगी।
लोगों के आधार कार्ड से उनकी केस हिस्ट्री एक क्लिक पर सिविल अस्पताल अथवा अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर मिल जाएगी। इसके लिए विभाग काम कर रहा है। योजना के तहत मरीज प्रदेश के किसी भी सिविल अस्पताल, पीएचसी, सीएचसी में अपना इलाज करा सकता है, जबकि डाक्टर के कंप्यूटर पर पूरी केस हिस्ट्री मिल जाएगी।
- अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज