चंडीगढ़। इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 शूटिंग चैंपियनशिप कराने के लिए पटियाला की राव पर बनी शूटिंग रेंज को चुना है। कॉमनवेल्थ गेम्स की कमेटी ने शूटिंग चैंपियनशिप कराने की जिम्मेदारी इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन को सौंपी है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
शूटिंग रेंज को तैयार करने की तैयारियों का जिम्मा यूटी खेल निदेशक को सौंपा गया है। रेंज को तैयार करने का कार्य चरणों में होगा। रेंज में बनी 50 मीटर और अन्य सभी रेंज पर टारगेट लगाने का काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। ट्रैप एंड स्किट शूटिंग के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने लिए हॉल ही में निविदा निकाली है। निविदा जारी होते ही इसका काम शुरू हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार इसी साल नवंबर तक शूटिंग रेंज को नया रूप दे दिया जाएगा। पटियाला की राव पर बनी शूटिंग रेंज पर मौजूदा समय में रेंज-1 पर 10 मीटर की शूटिंग प्रतियोगिता होती है। रेंज-2 पर 25 मीटर की शूटिंग प्रतियोगिता, रेंज-3 और 4 पर 50 मीटर की शूटिंग प्रतियोगिता, रेंज-5 पर 300 मीटर की थ्री पोजीशन के शूटिंग मुकाबले होते हैं। इन सभी रेंज पर फिलहाल मैनुअल टारगेट लगे हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता कराने के लिए इलेक्ट्रॉनिक टारगेट जरूरी
अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता कराने के लिए शूटिंग रेंज पर इलेक्ट्रॉनिक टारगेट की जरूरत होती है। टारगेट के पास सेंसर लगा होता है। टारगेट पर बुलट हिट होते ही निशानेबाज के सामने रखे मेॉनिटर पर शॉट का स्कोर दिखाई देगा और साथ ही दीवार पर लगी स्क्रीन पर भी स्कोर डिस्पले होगा। इस पर निशानेबाजों की मेरिट भी दिखाई जाएगी।