श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को पहुंचे एक यात्री को हल्के बुखार की शिकायत के बाद श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में दाखिल करवा दिया गया। सिविल सर्जन डॉ. प्रभजोत कौर जौहल ने बताया कि संदिग्ध के खून के सैंपल पुणे स्थित लैब में भेज दिए गए हैं।
रविवार रात को जब कुआलालंपुर-अमृतसर फ्लाइट श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई तो नियमों के अनुसार सभी यात्रियों की जांच की गई। इस दौरान इस यात्री को हल्के बुखार की शिकायत थी। कोरोना वायरस के संदेह में उसे तत्काल श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। डॉ. जौहल ने कहा कि यात्री अब पहले से बेहतर महसूस कर रहा है।
केंद्र सरकार के आदेश के बाद अब सभी इंटरनेशनल उड़ानों से अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों की जांच स्कैनर से की जा रही है। डॉक्टरों की एक टीम हवाई अड्डे पर तैनात की गई है। इससे पहले भी चीन के एक हवाई अड्डे में छह घंटे तक रुकने वाली मां-बेटी को कोरोना वायरस का संदिग्ध होने पर अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। पुणे लैब की रिपोर्ट के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई थी।