चंडीगढ़ में एक अप्रैल से बढ़ जाएंगी पार्किंग दर।
- फोटो : फाइल फोटो
चंडीगढ़ में एक अप्रैल से पार्किंग शुल्क बढ़ जाएगा। अब लोगों को वाहन पार्क करने के लिए चार-चार घंटे के स्लैब में भुगतान करना होगा। हालांकि, पार्किंग में प्रवेश करते समय दोपहिया को पांच और चारपहिया वाहन चालकों को 10 रुपये शुल्क देना होगा। इस समय लोगों को दिन भर के लिए दोपहिया के पांच रुपये और चारपहिया के 10 रुपये पार्किंग शुल्क भुगतान करना पड़ रहा है।
नगर निगम की टीम अगले सप्ताह शहर की 89 पेड पार्किंग का निरीक्षण करेगी। नगर निगम और पार्किंग ठेकेदार के बीच समझौते के मुताबिक पार्किंग में सभी आवश्यक उपकरणों का मुआयना किया जाएगा। पार्किंग में सभी तरह के उपकरण मिलने पर निगम की ओर से ठेकेदार को अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) दिया जाएगा। उसके बाद पार्किंग ठेकेदार शुल्क बढ़ा सकेगा।
अधिकारियों ने बताया कि एक अप्रैल से शहर की सभी पेड पार्किंग को स्मार्ट बनाने का लक्ष्य है। एसडीएम (दक्षिण) और नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त-2 एसके जैन ने बताया कि लगभग डेढ़ साल पहले शहर की पार्किंग को दो भागों में बांटा गया था। दो अलग-अलग कंपनियों को टेंडर देकर कुल 89 पार्किंग को 6 माह में स्मार्ट बनाने को कहा गया था। उसके बाद शुल्क बढ़ाए जाने थे। वहीं, एक साल बाद भी कुछ शुल्क बढ़ना था।
पार्किंग संचालकों का कहना है कि समझौते के अनुसार कोरोना महामारी के चलते चीन निर्मित सामान का उपयोग नहीं करना है। देश में उपकरण मिल नहीं रहे हैं। पार्किंग को स्मार्ट करने में थोड़ा समय लगेगा। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम की टीम मौके पर जाकर जांच करेगी। जहां पूरे उपकरण होंगे, वहां अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होने के बाद शुल्क बढ़ाने की अनुमति दी जाएगी। शहर के ज्यादातर पार्किंग में अभी सेंसर लगना बाकी रह गया है।
एक अप्रैल से नई पार्किंग दर
समय दोपहिया चारपहिया
शुरू के 0-4 घंटे 5 10
अगले 4-8 घंटे 10 20
अगले 8-12 घंटे 20 40