आसाम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरने के बाद क्रैश हुए भारतीय वायुसेना के एएन-32 एयरक्राफ्ट में सवार सभी 13 अधिकारी व कर्मी शहीद हो गए। गुरुवार दोपहर बाद भारतीय वायुसेना के अधिकारियों ने ट्वीट करने के साथ ही शहीदों के परिजनों को भी इसकी जानकारी दी। विमान में सवार गांव कोहला के पंकज सांगवान की मौत की पुष्टि होने के बाद गांव में माहौल गमगीन है।
वायुसेना की तरफ से उनके चचेरे भाई को इस बारे में अवगत कराया गया है। हालांकि देर शाम तक परिजनों ने पंकज की मां सुनीता, पिता धर्मबीर व दादा कपूर सिंह को पंकज की शहादत के बारे में जानकारी नहीं दी है। उन्हें इतना बताया गया कि अभी अधिकारी विमान को खोजने में लगे हैं। पंकज के शहीद होने की सूचना के बाद गांव में माहौल गमगीन बना हुआ है।
पंकज के पिता व दादा का मोबाइल उसके ताऊ के लड़के के पास है। परिवार के सदस्य उन्हें लगातार सांत्वना दे रहे हैं। पंकज के ताऊ के लड़के अंकुश ने बताया कि वायुसेना के अधिकारी ने मोबाइल पर पंकज की शहादत की सूचना दी है। लेकिन परिवार के सभी लोग पंकज के लापता होने के बाद से गम में डूबे हुए हैं और इसलिए ही परिवार के अन्य लोगों को इस बारे में अभी तक नहीं बताया गया है। उसने कहा कि वायुसेना के अधिकारी शुक्रवार को परिजनों से मिलने गांव में आएंगे।