बीते सप्ताह सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों के अपने स्तर पर डीजीपी की नियुक्ति करने संबंधी याचिका को खारिज कर दिया था। जिसके बाद अब हरियाणा सरकार को भी यूपीएससी को वरिष्ठ आईपीएस के नाम का पैनल भेजना पड़ रहा है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशानुसार यह पैनल यूपीएससी को डीजपी की रिटायरमेंट से तीन महीने पहले भेजना जरूरी है।
मगर, इस मामले में विशेष परिस्थितियां होने के मद्देनजर यूपीएएसी अल्पावधि में भी नए पुलिस प्रमुख का नाम फाइनल कर सकती है। नए डीजीपी के प्रमुख दावेदारों में आईपीएस पीआर देव, के सेल्वराज और केके मिश्रा के नाम शामिल हैं।
भेजे जाएंगे दर्जन भर नाम, तीन में से होगा फैसला
हरियाणा सरकार के गृह विभाग की ओर से दर्जन भर वरिष्ठ आईपीएस का नाम नए डीजीपी के लिए यूपीएससी को भेजा जाएगा। अंत में यूपीएससी तीन वरिष्ठ आईपीएस में से एक का नाम फाइनल करेगी। नया डीजीपी वही होगा जिसे रेंज में कार्य का अनुभव होगा और एसीआर बेहतर होगी। सरकार की पसंद का भी यूपीएससी ख्याल रख सकता है। दावेदारों में आईपीएस एसएस देशवाल, केपी सिंह, वीके सिन्हा, केके सिंधू, मनोज यादव और पीके अग्रवाल का नाम भी शामिल है।