अमर उजाला लिटिल चैंप क्रिकेट टूर्नामेंट
- फोटो : अमर उजाला
द गुरुकुल स्कूल सेक्टर-20 पंचकूला, चमन लाल डीएवी सेक्टर-11 पंचकूला, डीपीएस स्कूल सेक्टर-40 चंडीगढ़ और सेंट सोल्जर्स स्कूल सेक्टर-16 पंचकूला की टीमों ने अमर उजाला लिटिल चैंप क्रिकेट टूर्नामेंट अंडर-12 के सेमीफाइनल में स्थान बना लिया है।
अमर उजाला और शिव शक्ति ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट में बुधवार को इन टीमों ने अपनी प्रतिद्वंदी टीमों को शिकस्त देकर अंतिम चार में स्थान बनाया। इस टूर्नामेंट के मुकाबले हंसराज पब्लिक स्कूल और चमनलाल डीएवी स्कूल में आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मैच के विजेताओं को रिंकू ज्वैलर्स सेक्टर-9 के मालिक हरीश भोला ने चांदी के सिक्के प्रदान किए।
प्रतियोगिता का पहला मैच द गुरुकुल सेक्टर-20 पंचकूला और सॉपिंस स्कूल पंचकूला के बीच खेला गया। सॉपिंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बीस ओवर में सात विकेट खोकर 77 रन बन्राए। वहीं द गुरुकुल स्कूल की टीम ने यह लक्ष्य सिर्फ 6.3 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसमें रोहित ने 50 रन (नाबाद) बनाए। इस मैच में अरव ने आठ रन देकर तीन विकेट हासिल किए। मैच में अरव और रोहित को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दिन का दूसरा मैच डीपीएस सेक्टर-40 चंडीगढ़ और स्काई वर्ल्ड पंचकूला के बीच खेला गया। डीपीएस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट खोकर 183 रन बनाए। स्काई वर्ल्ड स्कूल पंचकूला की पूरी टीम सिर्फ 35 रन पर ही आउट हो गई। डीपीएस स्कूल के आदित्य ने एक रन देकर छह विकेट झटके। आदित्य को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।