देश का एक शहर जल्द ही पैनिक बटन से लैस होगा। एक बटन दबाते ही पुलिस लोगों की मदद के लिए पहुंच जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही पंचकूला देश का पहला ऐसा शहर बन जाएगा, जहां लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर पैनिक बटन की सुविधा मिलने लगेगी।
इसके तहत शहर में जगह-जगह महिलाओं-बुजुर्गों व अन्य लोगों की सुरक्षा के साथ आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो विशेष बटन वाले सिस्टम इंस्टॉल किए जाएंगे। इनमें से एक बटन को दबाते ही शहरवासियों को जहां पुलिस मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रदान करेगी, वहीं दूसरे बटन को दबाते ही दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच जाएंगे।
इस सिस्टम को धरातल पर कैसे उतारना है, इसका पूरा प्लान नगर निगम के अधिकारियों ने तैयार कर लिया है। प्रथम चरण में इस सिस्टम को शहर में आठ स्थानों पर ट्रायल बेस पर लागू किया जाएगा। प्लान के मुताबिक सेक्टर-10 व 15 के पार्क और बस क्यू शेल्टर और सेक्टर-11 और 15 मार्केट की दुकानों में ट्रायल के लिए पैनिक बटन को लगाया जाएगा। ट्रायल अक्तूबर माह के अंत तक हो सकता है।
सार्वजनिक बटन पर लगेंगी बटन
पैनिक बटन
ट्रायल सफल रहा तो इस व्यवस्था को पूरे शहर में लागू किया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था को संचालित करने के लिए सेक्टर-14 में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। कंट्रोल रूप तक सूचनाएं पहुंचाने के लिए शहर में करीब 15 टावर लगाए जाएंगे। एक टावर पर 40 से 50 हजार रुपये का खर्च आएगा। जानकारी के मुताबिक पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 10 लाख रुपये का खर्च आएगा।
पैनिक बटन सिस्टम को शहर के हर पार्क, बस क्यू शेल्टर, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थल, फैक्ट्रियों, मॉल्स, मार्केट और दुकानों में लगाने की योजना है। इस सिस्टम के तहत लगने वाले दोनों बटन अलग-अलग कलर के होंगे।
एक बटन आसपास के इलाके में आग लगने की सूचना के लिए होगा जबकि दूसरा बटन क्राइम या किसी इमरजेंसी में पुलिस मदद के लिए होगा। जैसे ही कोई महिला या व्यक्ति बटन को दबाएगा तो पैनिक बटन डिवाइस की फ्रिक्वेंसी पुलिस के कंट्रोल रूम में पहुंच जाएगी। कंट्रोल रूम से सीधी कॉल उस क्षेत्र के पेट्रोलिंग पुलिस के वायरलेस और फायर ब्रिगेड ऑफिस में जाएगी। इसके बाद संबंधित पुलिस या फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंच जाएंगे।
महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा होगी पुख्ता
Panchkula
स्नैचिंग और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निगम अधिकारियों ने पैनिक बटन सिस्टम की ओर कदम बढ़ाया है। इस सिस्टम को लागू करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सहयोग देने का पूरा भरोसा दिलाया है। प्रशासनिक अधिकारियों को विश्वास है कि इस सिस्टम के लागू होने से महिलाओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली युवतियों की सुरक्षा पुख्ता होगी। वह किसी तरह की वारदात पर इस बटन के माध्यम से तत्काल मदद ले सकेंगी।
वायरलेस से जुड़ेगा पैनिक बटन सिस्टम
पैनिक बटन सिस्टम को पुलिस के वायरलेस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसके लिए शहर के बीच 10 से 15 टावर लगेंगे। इसका खर्च निगम उठाएगा। इसके अलावा निगम पैनिक बटन को पार्कों, बस क्यू शेल्टर, सार्वजनिक स्थल, बस स्टैंड में खुद लगाएगा जबकि मार्केट में दुकान और इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्रियों में संबंधित दुकानदार या उद्यमी को बटन लगवाने का का खर्च उठाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि एक पैनिक बटन की कीमत करीब चार से पांच हजार रुपये है।
स्नैचिंग और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शहर में पैनिक बटन सिस्टम को इंस्टॉल करने की योजना है। साथ ही उद्यमियों की सुविधा के लिए इस सिस्टम को फायर ब्रिगेड ऑफिस से भी जोड़ा जाएगा। इसका पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है। जल्द इस इस सिस्टम का ट्रायल शहर के आठ स्थानों पर किया जाएगा। - राजेश जोगपाल, प्रशासक, नगर निगम पंचकूला