पंचकूला में गीता जयंती समारोह का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह 19 से 21 सितंबर तक चलेगी। उपायुक्त विवेक आत्रेय ने समारोह का शेड्यूल जारी किया।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से लिए गए फैसले के मुताबिक प्रदेश के सभी जिलों में 19 से 21 दिसंबर तक जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह आयोजित होगा।
इसी कड़ी में पंचकूला जिला में गीता जयंती महोत्सव को भव्य बनाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 19 से 21 दिसंबर तक सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा यवनिका ओपन एयर थिएटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर को सुबह 10 बजे राम मंदिर सेक्टर-2 से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सेक्टर-4, सेक्टर-11,10 व 9 से होती हुई इंद्रधनुष ऑडिटोरियम प्रदर्शनी स्थल पर संपन्न होगी। शाम 4 बजे यवनिका ओपन थिएटर सेक्टर-5 में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताएं, जिनमें निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, मंत्रों उच्चारण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 21 दिसंबर को इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में सेमिनार आयोजित किया जाएगा तथा समापन समारोह पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह किया जाएगा।
उन्होंने जिला वासियों, सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से अपील करते हुए कहा कि वे पहली बार जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह में भाग लें।