पंजाब के तरनतारन जिले के कस्बा खालडा के अंतर्गत बीएसएफ की 71 बटालियन के जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा में पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सीमा पर लगी बाड़ को पार करने की कोशिश कर रहा था। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बीएसएफ जवानों ने शुक्रवार सुबह सीमा पर स्थित बीपी खालडा के पिलर नंबर 131/13 पर एक व्यक्ति को पाकिस्तान की ओर से भारत में प्रवेश करते देखा और उसे रुकने का इशारा किया। जब वह नहीं रुका तो जवानों ने फायरिंग कर उसे मार गिराया। फिलहाल पुलिस अज्ञात व्यक्ति की पहचान में जुटी है। मृतक व्यक्ति से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है।
पाक तस्करों ने भेजी हेरोइन, बीएसएफ जवानों ने पकड़ा
उधर, फिरोजपुर में बीएसएफ ने हेरोइन की खेप बरामद की है। शुक्रवार सुबह चेकिंग के दौरान बीएसएफ ने आईबी के पास दो पाक तस्करों के पांव के निशान देखे थे। इसके बाद स्पेशल सर्च ऑपरेशन चलाया और हेरोइन से भरी दो प्लास्टिक की बोतलें बरामद कीं। इसमें लगभग दो किलो हेरोइन थी। यह घटना सीमांत गांव कालू अराइयां स्थित बीएसएफ की पोस्ट गट्टी हयात के पास की है।
बीएसएफ बटालियन-136 अधिकारियों के मुताबिक सुबह रूटीन में आईबी (भारत-पाक सीमा) के पास जांच शुरू की तो भारतीय सीमा की तरफ दो व्यक्तियों के पांव के निशान मिले। पांव के निशानों के आधार पर स्पेशल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। भारतीय गांव कालू अराइयां के पास फेंसिंग पार खेत में हेरोइन से भरी दो प्लास्टिक की बोतलें मिलीं। इन्हें पीले रंग के कपड़े में लपेटा गया था। हेरोइन का वजन दो किलो आंका गया है। जिस किसान के खेत से हेरोइन मिली है उससे भी पूछताछ की जा रही है।