सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने बुधवार की सुबह तरनतारन के सीमांत गांव मेंहदीपुर में पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। बल के जवानों ने बुधवार सुबह करीब 10 बजकर 09 मिनट पर पाकिस्तान की ओर से घुसे ड्रोन की आवाज सुनी तो उस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पंजाब पुलिस के साथ मिलकर सर्च अभियान में मेंहदीपुर पड़ोसी गांव भूरा कोहना के खेत से कई हिस्सों में टूटकर बिखर चुके ड्रोन को बरामद किया।
सीमा सुरक्षा बल के प्रवक्ता के मुताबिक बीएसएफ के जवान बुधवार की सुबह तरनतारन के सीमांत गांवों में रुटीन गश्त कर रहे थे। इस दौरान तरनतारन के गांव मेंहदीपुर के पास गश्त कर रही बीएसएफ की टुकड़ी ने पाकिस्तान की ओर से घुसे ड्रोन की आवाज सुनी। जवानों ने तुरंत आवाज की दिशा में फायरिंग कर दी और इसके कुछ ही देर बाद ड्रोन की आवाज बंद हो गई।
बीएसएफ अधिकारियों ने पंजाब पुलिस की टीम के साथ मिलकर मेंहदीपुर और इसके आसपास के इलाके को घेर लिया और सर्च अभियान शुरू किया। दोपहर करीब एक बजकर 25 मिनट पर बीएसएफ और पुलिस की टीम गांव बूरा कोहना में सर्च करने पहुंची तो एक खेत में बिखरा हुआ हेक्साकॉप्टर ड्रोन मिला। उसे जवानों ने अपने कब्जे में ले लिया। बीएसएफ ने ड्रोन को पुलिस के हवाले कर दिया और पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।