पाकिस्तान सरकार ने इस बार बैसाखी पर तीन हजार से अधिक सिख श्रद्धालुओं को वीजा देने का निर्णय लिया है। करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण और पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को इतनी बड़ी संख्या में वीजा देकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान शांति का संदेश देने की कूटनीति पर अमल कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान सरकार ने दिल्ली स्थित अपने दूतावास को निर्देश दिए हैं कि जब भी उनके पास पासपोर्ट पहुंचे, उसके दस दिन बाद वीजा जारी कर दिए जाएं।
पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं को हर सुविधा देने के लिए पाकिस्तान वक्फ बोर्ड ने 18 मार्च को एक बैठक लाहौर में बुलाई है। इस बैठक में पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सहित कई अन्य पदाधिकारी भी शामिल होंगे। एसजीपीसी, भाई मरदाना यादगारी कमेटी, दिल्ली कमेटी और अन्य संगठन बैसाखी पर्व पर पाकिस्तान जत्थे भेजते हैं।
पिछले कई साल से दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास ने एसजीपीसी द्वारा भेजे जाने वाले 1700 यात्रियों में से कई को वीजा जारी नहीं किया था। एसजीपीसी ने कई बार इस संदर्भ में पाकिस्तान दूतावास को शिकायत भी की थी लेकिन कोई भी सार्थक परिणाम नहीं निकला।