हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 2018 के लिए बॉयोमैट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी नहीं करवाने वाले परीक्षार्थियों को एक और अवसर 17 व 18 मार्च को प्रदान किया जा रहा है। इसके लिए रोहतक, फतेहाबाद, अंबाला, फरीदाबाद व भिवानी में केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षार्थी इनमें से किसी भी केंद्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूर्ण कर सकता है। यह जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि पूर्व में निर्धारित 2 व 3 मार्च को बॉयोमैट्रिक वेरिफिकेशन के लिए अनुपस्थित रहे व जिनकी इस दौरान बॉयोमैट्रिक वेरिफिकेशन फेल रही है, उनकी सूची बोर्ड वेबसाइट पर उपलब्ध है। केवल सूची में दिए गए परीक्षार्थियों को यह प्रक्रिया पूर्ण करनी है और इसके लिए इन्हें उनके पंजीकृत मोबाइल फोन पर भी संदेश भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि सूची में वर्णित परीक्षार्थी अगर अब भी यह प्रक्रिया पूर्ण नहीं करेंगे तो उनका परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।
ये है वेरिफिकेशन केंद्र
डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि बॉयोमैट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए स्थापित किए गए नजदीकी केंद्रों में परीक्षार्थियों को जिला अंबाला में फरुखा खालसा वमावि नजदीक बस स्टैंड अंबाला कैंट पर नियुक्त प्रतिनिधि रामप्रकाश बंसल, सहायक 9466045400, जिला भिवानी में शिक्षा बोर्ड मुख्यालय हांसी रोड भिवानी पर नियुक्त प्रतिनिधि जय सिंह कायस्थ, अधीक्षक 9467884053, जिला फतेहाबाद में फूलचंद ऑफिसर कालोनी खैराती खेड़ा रोड नजदीक आईडिया टावर फतेहाबाद पर नियुक्त प्रतिनिधि नरेश सोनी अधीक्षक 7015599455, जिला रोहतक में मार्फत श्रीभगवान कुंज विहार कालोनी सुनारिया रोड रोहतक पर नियुक्त प्रतिनिधि हरजीत कौर अधीक्षक 98136 01207 तथा जिला फरीदाबाद में राप्रापा सेक्टर 45ए फरीदाबाद पर नियुक्त प्रतिनिधि रवींद्र कुमार, सहायक 8708122218 से संपर्क कर बॉयोमैट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।