पाकिस्तान सरकार ने भारत सरकार की उस मांग के बारे में अभी तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है, जिसमें गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए जाने वाले यात्रियों से 20 अमरीकी डॉलर की रखी शर्त रद्द करने की मांग की गई थी। पाकिस्तान सरकार ने अभी तक भारत सरकार द्वारा करतारपुर कॉरिडोर के संचालन के लिए भेजे मसौदे का जवाब नहीं भेजा है।
लाहौर में होगा सूफी संगीत समारोह व संगोष्ठियां
पाकिस्तान पंजाब सरकार के सूचना और संस्कृति विभाग ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रम लाहौर स्थित अल्हमरा आर्ट्स सेंटर में सात नवंबर से शुरू करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम सात दिन तक चलेंगे। यह घोषणा विभाग के सचिव राजा जहांगीर अनवर ने एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए की।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के एक सप्ताह तक चलने वाले इन कार्यक्रमों में दुनिया भर के सिख शामिल होंगे। सूचना और संस्कृति विभाग तीर्थयात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है। लाहौर कला परिषद के कार्यकारी निदेशक अतहर अली खान ने कहा कि परिषद श्री गुरु नानक देव जी को समर्पित सप्ताह मनाने के लिए सभी संसाधनों का उपयोग कर रही है। इन कार्यक्रमों में एक सूफी संगीत समारोह और संगोष्ठी सहित कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।