बीएसएफ ने बुधवार शाम को भारतीय सीमा में अवैध ढंग से घुसने की कोशिश कर रहे एक पाक घुसपैठी को मार गिराया था। इस घुसपैठिए की पहचान गुल नवाज के रूप में हुई है। पाकिस्तान रेंजरों ने घुसपैठिए की लाश लेने से इंकार कर दिया है।
बुधवार देर रात बीएसएफ व पाकिस्तानी रेंजर के बीच हुई फ्लैग बैठक में अधिकारियों ने एक घुसपैठिए को मार गिराए जाने की जानकारी दी। पाकिस्तान रेंजरों ने इस घुसपैठिए को पाकिस्तान का नागरिक मानने से इंकार कर दिया। बीएसएफ अधिकारियों ने पाकिस्तान रेंजर को उसकी जेब से मिले पाकिस्तानी पहचान पत्र को भी दिखाया।
उसकी जेब से मिले 160 रुपये की पाकिस्तानी करेंसी और पाकिस्तानी सिम कार्ड दिखा कर उसके वहां के होने के सबूत दिए गए। पाकिस्तानी रेंजर ने इन सबूतों को स्वीकार करने से इंकार कर दिया।
बीएसएफ ने गुरुवार सुबह सभी औपचारिकता पूरी कर शव को जीआरपी को सौंप दिया है। जीआरपी ने शव को मोर्चरी में रखा है। घटना के बाद डीआईजी बीएसएफ ओबरॉय भी घटना थल पर पहुंच गए थे। घटना के बाद बीएसएफ ने अटारी रेल ट्रैक की गहन तलाशी ली।