पाकिस्तान सीएए के खिलाफ भारतवासियों को भड़का रहा है। रेडियो के जरिए भड़काऊ भाषण देकर जहर घोलने का काम किया जा रहा है। कई पाकिस्तानी रेडियो और मोबाइल कंपनियों ने रेंज इतनी बढ़ा दी है कि भारतीय क्षेत्र के अधिकांश सीमांत गांवों तक पहुंच रही हैं। यही नहीं पाक रेडियो भारत के प्रति जहर घोल रहे हैं।
इतना ही नहीं सोशल मीडिया के जरिए पाक में बैठे आतंकी संगठन कह रहे हैं कि उनका धर्म हिंदुओं और सिखों का कत्लेआम करना है और कश्मीर को हासिल करना है। पाक के रेडियो स्टेशन और मोबाइल कंपनियों की रेंज भारतीय सीमावर्ती गांवों तक पहुंचने से सुरक्षा एजेंसियां परेशान हैं, क्योंकि कई रेडियो स्टेशन के जरिए लोगों में भारत के प्रति जहर घोला जा रहा है।
आपस में लड़ाने का मकसद है
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से पाक में बैठे कई आतंकी संगठन प्रचार कर रहे हैं कि हिंदुओं और सिखों का कत्लेआम उनका धर्म है। ऐसे प्रचार करके उनका मकसद भारत में हिंदुओं, सिखों और मुसलमानों को आपस में लड़ाना है। जबकि देश में पहले ही नागरिकता संशोधन कानून लागू होने से माहौल खराब है।
पाक में बैठे आतंकी संगठन सोशल मीडिया पर ऐसा प्रचार करके हिंदू, सिख व मुसलमानों को भड़काने का काम कर रहे हैं। जानकारों का कहना है कि भारत-पाक सीमा से सटे सीमांत गांव टिंडी वाला, बस्ती राम लाल, गट्टी राजोके, झुग्गे हजारे वाला, चांदी वाला, निहाला किलचा, गंदू किलचा, जल्लोके, दोना तेलु मल, कालू वाला के अलावा फाजिल्का, ममदोट के सीमांत गांवों में तीनों समुदाय के लोग रहते हैं।
पंजाब में आतंकी संगठन सक्रिय हैं
बता दें कि 1984 में सीमावर्ती जिले फिरोजपुर, खेमकरण, मक्खू, पट्टी व तरनतारन इलाका में आतंकवादी सक्रिय थे। इसी बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान से भारी मात्रा में असलहा आता था, जो आतंकवादियों तक पहुंचता था। मौजूदा समय में भी पंजाब में कई आतंकी संगठन सक्रिय हैं, जिनका संपर्क पाक में बैठे आतंकी संगठनों से है।
सीमांत गांव में रहने वाले ग्रामीणों का कहना है कि कुछ महीनों से पाक रेडियो व पाक मोबाइल कंपनियों ने रेंज बढ़ाई है। कई पाक रेडियो पर तो भड़काने वाले भाषण दिए जाते हैं। कई बार मोबाइल पर एफएम रेडियो लगाते हैं तो पाक एफएम रेडियो की रेंज मोबाइल फोन पकड़ लेता है। गांव में कई बुजुर्ग है, जो आज भी रेडियो सुनना पसंद करते हैं। उनके रेडियो पर भी पाक स्टेशन बजने लगता है।