पाक के पूर्व विधायक को मिली धमकी
- फोटो : अमर उजाला
भारत में रह रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के पूर्व विधायक बलदेव कुमार की हत्या के लिए 50 लाख रुपये का इनाम रख दिया है। यह इनाम इमरान खान के करीबी नेता ने रखा है।
सोशल मीडिया के माध्यम से भेजी धमकी में उक्त नेता ने साफ कहा है कि जैसे ही बलदेव कुमार पाकिस्तान वापस पहुंचेगा, वह खुद उसे मौत के घाट उतार देगा। वही पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी समर्थक गोपाल चावला भी जमकर बलदेव कुमार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाल रहा है।
बलदेव कुमार की ससुराल खन्ना में है, बीते कुछ समय से वह यहां पर अपनी बेटी का इलाज करवाने के लिए आए थे। यहां आने के बाद उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया था। इसके बाद वह चर्चा में आए।
बलदेव कुमार ने बताया कि हाजी नवाब ने फेसबुक पर पोस्ट डाली है, इसमें साफ कहा है कि जब भी वह पाकिस्तान लौटेगा, वह बॉर्डर पर ही उसकी हत्या कर देगा। भारत से कोई व्यक्ति बलदेव कुमार की हत्या करता है, तो वह उसे 50 लाख रुपये बतौर इनाम में देगा।
गोपाल चावला यही कह रहा है कि भारत में उसे किसी हालत में शरण नहीं मिलेगी, उसे पाकिस्तान लौटना पड़ेगा।
नागरिकता से लिए किया ऑनलाइन आवेदन
बलदेव कुमार ने बताया कि भारत की नागरिकता हासिल करने के लिए उसने ऑनलाइन आवेदन कर दिया है। उसे अब भारत सरकार के फैसले का इंतजार है। बलदेव के पास 12 अक्टूबर तक का वीजा है। वह वीजा को आगे बढ़ाने के लिए भी सोच रहा है। अगर उसे नागरिकता नहीं मिलती है, तो वह किसी हालत में पाकिस्तान नहीं जाएगा। क्योंकि वहां जाना मतलब मौत है। वह किसी अन्य देश की नागरिकता के लिए आवेदन करेगा।