गांव लसियान के पास भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश के दौरान बीएसएफ के
जवानों द्वारा मार गिराए गए पाकिस्तानी घुसपैठिए का शव पाकिस्तान को सौंप
दिया जाएगा। शव की शिनाख्त पंजाब (पाकिस्तान) प्रांत के तहसील शकड़गढ़
क्षेत्र के गांव जलाला निवासी कासिम के रूप में हुई है।
पुलिस ने सिविल
अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शेष कार्रवाई के लिए शव को बीएसएफ की
ताश चौकी के हवाले कर दिया। इससे पहले इस्लामिक रिवाज के तहत शव को चौकी
तक ले जाया गया। उधर, सीमा पर बीएसएफ के सर्च ऑपरेशन के बावजूद भारतीय सीमा
में घुसने की कोशिश करने वाले पांच अन्य पाकिस्तानियों का अभी तक कोई
सुराग नहीं मिला है।
मंगलवार को कासिम उस वक्त बीएसएफ के जवानों की
गोली का निशाना बना था, जब उसने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की थी।
बीएसएफ के एसआई भूप सिंह ने बताया कि घुसपैठ की कोशिश करने वालों में कासिम
अकेला नहीं था। पांच अन्य साथी भी उसके साथ थे। हालांकि वे बचकर वापस
भागने में कामयाब रहे।
इस संबंध में गुरदासपुर रेंज के ऑफिशिएटिंग
डीआईजी राजीव कपूर ने बताया कि उन्होंने सर्च ऑपरेशन के तहत पूरा सीमावर्ती
इलाका छान मारा है। अभी तक जवानों को कोई और पाकिस्तानी मूल का व्यक्ति
नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि कासिम का शव पाकिस्तान तथा भारत के डिप्टी
विंग कमांडरों की मौजूदगी में लिखित कार्रवाई के बाद पाकिस्तान के हवाले
कर दिया जाएगा।